जखनियां : इंदिरा गांधी के योगदान को याद कर कांग्रेसियों ने मनाई जयंती, दी श्रद्धांजलि





जखनियां। स्थानीय ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर गुरुवार को देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की जयंती मनाई गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया। जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष देवनारायण सिंह ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश को विकास की नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में श्वेत और हरित क्रांति को बढ़ावा मिला। भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान उनके नेतृत्व में बांग्लादेश का उदय हुआ। उनका साहसिक नेतृत्व देश के इतिहास में सदैव याद किया जाएगा। बृजेश गौतम ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री ने गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों के कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित कीं। देश की एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए उनके प्रयासों को हमेशा याद किया जाएगा। उनका संघर्ष, दृढ़ इच्छाशक्ति और देशसेवा भावी पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। इस मौके पर रुद्र प्रताप सिंह, अनिल कुमार सिंह, न्याय पंचायत अध्यक्ष अमित पांडेय, सुरेंद्र भारती, मोहन राजभर, अवध नारायण, सुरेंद्र गोंड आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जमानियां : शिलांग में हुई राष्ट्रीय तीरंदाजी में द्रोणा तीरंदाजी एकेडमी के कुणाल सिंह ने रजत जीत रचा इतिहास, अमीषा और नमिता ने भी बढ़ाया मान
सुहवल : संदिग्ध परिस्थितियों में अधेड़ विवाहिता की मौत, परिजनों ने गलती से विषाक्त सेवन का किया दावा >>