वाराणसी : सीनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप में यूपी को कांस्य पदक, रेलवे के अतुलदीप का रहा अहम योगदान, पंजाब को 3-1 से हरा यूपी ने हासिल किया तीसरा स्थान





वाराणसी। झांसी में 10 से 21 अक्टूबर तक आयोजित 16वीं सीनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप-2026 में उत्तर प्रदेश की टीम ने कांस्य पदक जीतकर उपलब्धि हासिल की। इस सफलता में पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में कार्यरत हॉकी खिलाड़ी अतुलदीप का भी सराहनीय योगदान रहा। वह बनारस स्टेशन पर वरिष्ठ टिकट निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं और प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। प्रतियोगिता में कांस्य पदक के लिए हुए मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम ने पंजाब को 3-1 से पराजित कर तीसरा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि पर बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने अपने कार्यालय में अतुलदीप का स्वागत और अभिनंदन किया। उन्होंने खिलाड़ी को सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि अतुलदीप की उपलब्धि वाराणसी मंडल और पूर्वाेत्तर रेलवे के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने प्रतिभा, कठिन परिश्रम, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण से उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रेलवे का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता अन्य रेलकर्मियों और खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। इस अवसर पर वरिष्ठ परिचालन प्रबंधक सह क्रीड़ा अधिकारी बलेन्द्र पाल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव और मंडल क्रीड़ा सचिव सतीश नारायण सिंह ने भी अतुलदीप को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< वाराणसी : बनारस स्टेशन पर शुरू हुआ गेमिंग जोन, बच्चों के मनोरंजन के साथ यात्रियों को मिलेगी खानपान की सुविधा
दुल्लहपुर : कथित रूप से असलहे की नोक पर आभूषण कारोबारी से चार लाख के जेवरव नकदी की लूट, बाइक सवार बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम >>