सैदपुर : बॉस हो तो ऐसा! अपने कर्मचारी की बेटी के लिए पिता बने शिवम वर्मा, लाखों रूपए का खर्च उठाकर धूमधाम से कराई शादी, नेकी की हर कोई कर रहा चर्चा

आकाश बरनवाल
सैदपुर। समाज में आज भी ऐसे लोग मौजूद हैं, जो अपने व्यवहार और उदारता से इंसानियत की अनूठी मिसाल पेश करते हैं। ऐसा ही सराहनीय कार्य नगर के सर्राफा व्यवसायी शिवम वर्मा कल्लू ने किया। उन्होंने अपने यहां काम करने वाले कर्मचारी जगदीश निषाद की पुत्री उजाला निषाद का विवाह अपनी जेब से लाखों रूपए खर्च कर बेहद धूमधाम और सम्मान के साथ संपन्न कराया। इस विवाह समारोह की सबसे खास बात यह रही कि शिवम ने अपने कर्मचारी की बेटी को अपनी बेटी मानते हुए उसके विवाह की पूरी जिम्मेदारी उठाई। उन्होंने शादी के आयोजन से लेकर अन्य सभी व्यवस्थाओं पर लगभग 15 लाख रुपये खर्च किए। विवाह समारोह को यादगार बनाने में उन्होंने कोई कमी नहीं छोड़ी। शिवम के इस नेक कदम की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है। आमतौर पर जहां लोग अपने कर्मचारियों को केवल कामकाज तक सीमित रखते हैं, वहीं शिवम ने अपनी मेहनत की कमाई के लाखों रूपए खर्च करते हुए पारिवारिक रिश्तों से बढ़कर मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया। उनके इस कार्य ने यह संदेश दिया कि इंसान की पहचान उसकी दौलत से नहीं, बल्कि उसके अच्छे विचारों और दूसरों के प्रति व्यवहार से होती है। एक कर्मचारी की बेटी के विवाह में इतना बड़ा सहयोग देकर शिवम ने समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस दौरान किन्नर समाज की जिलाध्यक्ष काजल दीदी ने भी सहयोग किया। इस दौरान आशीर्वाद देने के लिए योगेंद्र सिंह, सुनील सिंह काका, आशीष श्रीवास्तव, समीर, शिवम, धीरेंद्र सिंह, विराट, साहिल सिंह आदि पहुंचे थे।

