नंदगंज : घर में अकेली मौजूद मां-बेटी की चाकुओं से गोदकर हत्या, एसपी ने मुआयना कर हत्यारों की तलाश में गठित की टीमें, फॉरेंसिक टीम ने भी जुटाए सुराग

नंदगंज। थानाक्षेत्र के धरवां गांव में बुधवार की सुबह मां-बेटी की हत्या की सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घर में अकेली रह रही 35 वर्षीय जैमुन्निशा और उनकी 12 वर्षीय बेटी ऐमुन की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई और घर पर बाहर से ताला लगा दिया गया। एक ही घर में दो हत्याओं की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सुबह मां-बेटी घर में अकेली थीं। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनय सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण करने के साथ ही पुलिस अधिकारियों और अन्य लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। एसपी ने बताया कि हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस टीमें विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही हत्यारे पुलिस की गिरफ्त में होंगे। उधर, फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से जांच की और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस हत्या के पीछे की वजह, हमलावरों की पहचान और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। एक साथ मां-बेटी की हत्या से धरवां गांव सहित आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।


