नगसर : 6 माह पूर्व हुई शादी के बाद गभर्वती पत्नी को मारपीट कर घर से निकालने का लगा था आरोप, दहेज उत्पीड़न में पति पर मुकदमा दर्ज





नगसर। थानाक्षेत्र में गर्भवती महिला को दहेज की मांग को लेकर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप सामने आया है। शादी के छह महीने बाद ही विवाहिता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इधर मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी पति मोबाइल बंद कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। गगरन गांव निवासी राजू बनवासी पुत्र स्व. डहरू वनवासी ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उन्होंने अपनी 22 वर्षीय बेटी सोनी कुमारी की शादी करीब छह महीने पहले बिहार के कैमूर-भभुआ जिले के नुआंव थाना क्षेत्र के तरईथा, चिंतामनपुर गांव निवासी संतोष वनवासी पुत्र क्षत्रिय मुसहर से की थी। राजू का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही संतोष दहेज की मांग को लेकर सोनी को परेशान करने लगा। वह आए दिन गाली-गलौज और मारपीट करता था। आरोप है कि उसने गर्भवती सोनी को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पिता ने बताया कि सोनी गर्भवती है और पति ने उससे संपर्क तोड़ लिया है। उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर रखा है। राजू ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार ने बताया कि पिता की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< दुल्लहपुर : बाजार में पीपल के पेड़ के नीचे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, नहीं हो सकी शिनाख्त
गहमर : रेलवे स्टेशन के पास मिला वृद्ध का शव, ट्रेन से गिरकर मौत की आशंका, शिनाख्त में जुटी पुलिस >>