दुल्लहपुर : बाजार में पीपल के पेड़ के नीचे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, नहीं हो सकी शिनाख्त





दुल्लहपुर। स्थानीय बाजार की त्रिमुहानी स्थित पुराने बस स्टैंड के पास मंगलवार की सुबह पीपल के पेड़ के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की और व्यक्ति की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन तत्काल उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, व्यक्ति की उम्र लगभग 50 वर्ष थी। वह सामान्य परिवार का प्रतीत हो रहा था। आशंका जताई जा रही है कि वह कहीं जाने की तैयारी में था या किसी स्थान से यात्रा कर आया होगा। संभवतः रात बिताने के लिए शरीर पर हल्की ऊनी चादर डालकर सो गया था। शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले। व्यक्ति के पास एक बैग और प्लास्टिक का झोला मिला, जिसमें पहनने के कपड़े और मोबाइल का चार्जर था। बैग में मौजूद एक पैंट की जेब से 380 रुपये नकद और एक नंबर की पर्ची मिली, जिस पर सुनील भाई नाम लिखा हुआ था। पुलिस ने पर्ची पर मिले नंबर पर संपर्क किया तो संबंधित व्यक्ति आजमगढ़ के फूलपुर थाना क्षेत्र के ऊदपुर गांव का रहने वाला निकला। मृतक की पहचान कराने के लिए वीडियो कॉल के माध्यम से शव दिखाया गया, लेकिन संबंधित व्यक्ति ने पहचानने से इनकार कर दिया। उपनिरीक्षक प्रेम प्रकाश पांडेय ने बताया कि सही जानकारी नहीं मिलने के कारण शव को मर्चरी हाउस भेज दिया गया है। पुलिस जांच-पड़ताल के साथ अन्य स्रोतों से भी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : बॉस हो तो ऐसा! अपने कर्मचारी की बेटी के लिए पिता बने शिवम वर्मा, लाखों रूपए का खर्च उठाकर धूमधाम से कराई शादी, नेकी की हर कोई कर रहा चर्चा
नगसर : 6 माह पूर्व हुई शादी के बाद गभर्वती पत्नी को मारपीट कर घर से निकालने का लगा था आरोप, दहेज उत्पीड़न में पति पर मुकदमा दर्ज >>