मोहम्मदाबाद : ट्रेन की चपेट में आकर किनारे चर रहे 13 गोवंशों की मौत, दो सांड घायल, शाहबाजकुली-फिरोजपुर के पास हुआ हादसा

मुहम्मदाबाद। थानाक्षेत्र के शहबाजकुली-फिरोजपुर के पास गाजीपुर-बलिया रेलखंड पर मंगलवार की रात अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से 13 गोवंशों की मौत हो गई। इस हादसे में दो गोवंश गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके पैर कट गए हैं। बताया जा रहा है कि सभी गोवंश आवारा व छुट्टा थे। लोगों की सूचना पर पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। नायब तहसीलदार अजीत कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे ट्रैक पार करते समय गोवंशों का एक झुंड एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे गाय और सांड मिलाकर कुल 13 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक पर अवशेष बिखर जाने से कुछ देर के लिए स्थिति गंभीर हो गई थी। प्रशासनिक टीम ने अवशेषों को हटवाकर सुरक्षित स्थान पर दफनाया तथा निस्तारण कराया। स्थानीय लोगों के अनुसार, गौसपुर के दियारा क्षेत्र में छुट्टा गोवंशों का बड़ा झुंड रहता है, जो रात के समय चारे की तलाश में इधर-उधर भटकता है। आशंका जताई जा रही है कि इसी झुंड के मवेशी भटककर रेलवे ट्रैक पर आ गए थे। तहसील प्रशासन के निर्देश पर पशु चिकित्सकों की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल दोनों सांडों का प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया है। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान उपनिरीक्षक रामाश्रय यादव, राजस्व निरीक्षक घुरहू सिंह यादव सहित अन्य पुलिस और राजस्व कर्मी मौजूद रहे।

