अनौनी : परिषदीय विद्यालयों में सफाई व्यवस्था बदहाल, कहीं महीने में दो तो कहीं चार दिन आते हैं सफाईकर्मी, शिक्षकों व अभिभावकों ने की नियमित सफाई की मांग





अनौनी। सैदपुर ब्लॉक क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। शिक्षकों और अभिभावकों का आरोप है कि विद्यालयों में तैनात सफाईकर्मी नियमित रूप से नहीं पहुंचते हैं। इसके चलते विद्यालय परिसर से लेकर शौचालयों तक गंदगी जमा रहती है और बच्चों को अस्वच्छ वातावरण में पढ़ाई करनी पड़ रही है। क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय बैरहिया के शिक्षक पुनीत कांत त्रिपाठी, राजकीय विद्यालय खानपुर के प्रधानाध्यापक गोपीनाथ मौर्य, प्राथमिक विद्यालय रामपुर की प्रधानाध्यापिका रागिनी सिंह, राजकीय महिला विद्यालय रामपुर की प्रधानाध्यापिका सुमन यादव आदि ने बताया कि उनके विद्यालयों में सफाईकर्मियों की नियमित उपस्थिति नहीं रहती। लंबे समय तक सफाई नहीं होने से परिसर और शौचालयों में गंदगी जमा हो जाती है। कंपोजिट विद्यालय खानपुर के प्रधानाध्यापक सत्यनारायण कुशवाहा ने बताया कि उनके विद्यालय में सफाईकर्मी महीने में महज दो बार आते हैं। वहीं, कंपोजिट विद्यालय जमीन संदल के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार के अनुसार वहां सफाईकर्मी महीने में केवल चार बार पहुंचते हैं। कई बार तो वे आते भी नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय में तैनात महिला सफाईकर्मी के स्थान पर उनके पति सफाई करने आते हैं और वह भी आधे से एक घंटे में काम समाप्त कर चले जाते हैं। जमीन संदल गांव निवासी अभिभावक महेंद्र बिंद, सुरेश बिंद, मुसाफिर बिंद, प्रीतम बिंद, धर्मेंद्र बिंद आदि ने बताया कि विद्यालयों के साथ गांव में भी सफाई व्यवस्था नियमित नहीं है। नालियां कचरे से भरी हैं और जगह-जगह कूड़े का ढेर लगा हुआ है। इससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी रहती है। शिक्षकों और अभिभावकों ने संबंधित अधिकारियों से विद्यालयों में नियमित सफाई सुनिश्चित कराने तथा सफाईकर्मियों की उपस्थिति की जांच कर जवाबदेही तय करने की मांग की है। इस संबंध में एडीओ पंचायत रमेश चंद्र सिंह ने बताया कि विद्यालयों में सफाईकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। वे किन कारणों से नहीं पहुंच रहे हैं, इसकी जानकारी कर जांच कराई जाएगी।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< वाराणसी : काशी तमिल संगमम के लिए कन्याकुमारी से बनारस के बीच एक और विशेष ट्रेन, 3 दिसंबर को कन्याकुमारी से रवाना हो 5 को पहुंचेगी बनारस
अनौनी : पिकअप में ठूंस तस्करी कर ले जाए जा रहे 10 गोवंश बरामद, अवैध तमंचे संग दो तस्कर गिरफ्तार >>