जमानियां : शिलांग में हुई राष्ट्रीय तीरंदाजी में द्रोणा तीरंदाजी एकेडमी के कुणाल सिंह ने रजत जीत रचा इतिहास, अमीषा और नमिता ने भी बढ़ाया मान





जमानियां। मेघालय की राजधानी शिलांग के उमसावली स्थित परेड ग्राउंड में 11 से 18 नवंबर तक आयोजित एनटीपीसी सीनियर नेशनल तीरंदाजी चैंपियनशिप-2026 में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जिले के कुणाल सिंह ने व्यक्तिगत इंडियन राउंड स्पर्धा में रजत पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया। वहीं द्रोणा आर्चरी एकेडमी जमानियां की पूर्व प्रशिक्षु अमीषा चौरसिया ने कांस्य और नमिता वर्मा ने रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। भारतीय तीरंदाजी संघ के तत्वावधान और मेघालय तीरंदाजी संघ के आयोजन में हुई इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में इंडियन राउंड, कंपाउंड और रिकर्व की तीनों सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप एक साथ आयोजित की गईं। इसमें देश के 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों सहित सात अन्य इकाईयों की कुल 44 टीमों के 767 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के व्यक्तिगत फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश के कुणाल सिंह का सामना पंजाब के खिलाड़ी से हुआ। दोनों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। फाइनल का परिणाम 7-3 रहा, जिसमें कुणाल ने दूसरा स्थान हासिल करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से उत्तर प्रदेश की टीम और गृह क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम का नेतृत्व कोच संदीप सिंह ने किया। उनके मार्गदर्शन और रणनीति में टीम ने बेहतर प्रदर्शन किया। खास बात यह है कि पदक विजेता कुणाल सिंह और उनके कोच संदीप सिंह दोनों गाजीपुर के रायपुर गांव के निवासी हैं। वर्तमान में कुणाल जमानियां स्थित द्रोणा आर्चरी एकेडमी में नियमित अभ्यास करते हैं। एक ही गांव के गुरु-शिष्य की इस उपलब्धि को क्षेत्र के खेल प्रेमी विशेष उपलब्धि के रूप में देख रहे हैं। वहीं एकेडमी की पूर्व प्रशिक्षु अमीषा चौरसिया और नमिता वर्मा ने भी भारतीय पुलिस टीम की ओर से खेलते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक हासिल किए। अमीषा ने कांस्य पदक, जबकि नमिता वर्मा ने रजत पदक जीतकर एकेडमी और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। तीन खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर द्रोणा आर्चरी एकेडमी में खुशी का माहौल है। एकेडमी के हेड कोच सतीश दुबे और सचिव नंदू दुबे ने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और लगन की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता उनके निरंतर अभ्यास और समर्पण का परिणाम है। एकेडमी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना है। कुणाल सिंह, अमीषा चौरसिया और नमिता वर्मा की सफलता पर एकेडमी के खिलाड़ियों, अभिभावकों, रायपुर गांव के ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< मोहम्मदाबाद : ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे पर तेज रफ्तार कार व बाइक की भीषण टक्कर, 7 वर्ष की मासूम बच्ची की मौत, तीन घायल
जखनियां : इंदिरा गांधी के योगदान को याद कर कांग्रेसियों ने मनाई जयंती, दी श्रद्धांजलि >>