अनौनी : घायल मिले युवक के मामले में पहुंची फॉरेंसिक टीम, साक्ष्य जुटाने के साथ ही खंगाल रही घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज

अनौनी। खानपुर थाना क्षेत्र के अलिमापुर गांव में ट्यूबवेल के पास गंभीर रूप से घायल मिले 26 वर्षीय विपुल यादव के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। रविवार को फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। टीम ने घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की बारीकी से जांच की। पुलिस इन साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। सैदपुर के पकवाईनार निवासी विपुल यादव अलिमापुर गांव में ट्यूबवेल के पास गंभीर हालत में मिले थे। घटनास्थल से शराब की टूटी बोतल और खून से सनी ईंट के दो टुकड़े बरामद हुए थे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया था। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के तीसरे दिन विपुल के भाई की तहरीर पर खानपुर पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। सिधौना चौकी प्रभारी सुधीर राय ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।

