अनौनी : आम की लकड़ी के चूल्हे पर तैयार हुआ छठ माता का प्रसाद, घाटों पर उमड़ी आस्था

अनौनी। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ पर रविवार को पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। छठी मइया की आराधना में जुटी व्रती महिलाओं ने पूरी शुद्धता और पवित्रता के साथ आम की लकड़ी से जलने वाले पारंपरिक मिट्टी के चूल्हे पर ठेकुआ, कसार सहित विभिन्न प्रकार के पकवान तैयार किए। छठ पूजा में आम की लकड़ी से प्रसाद बनाने की परंपरा को शुद्धता और सात्विकता का प्रतीक माना जाता है। प्रसाद तैयार करने के दौरान घरों में छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। महिलाएं भक्तिभाव से ‘कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए...उग हे सूरज देव, भइल अरघ के बेर...’ के स्वर से घर-आंगन भक्तिमय बना रहा। शाम को व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ दउरा और सूप में पूजन सामग्री व प्रसाद लेकर विभिन्न घाटों पर पहुंचीं। अनौनी, एकौझी पुल नदी घाट, करमपुर, मौधा, सिंगारपुर, पोखरा, नायकडीह, उचौरी, शिवदासपुर और अमेदा सहित आसपास के गांवों के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना की। घाटों पर छठी मइया के गीतों और दीपों की रोशनी से भक्तिमय वातावरण बना रहा। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

