सैदपुर : बाइक की टक्कर से घायल अधेड़ की ट्रामा सेंटर में मौत, परिवार में मचा कोहराम, बेटी व भतीजे के साथ लौट रहे थे घर

सैदपुर। थानाक्षेत्र के दारुनपुर महुलिया में बीते 13 नवंबर की शाम दो बाइकों की टक्कर में गंभीर रूप से घायल 55 वर्षीय नंदकिशोर की आखिरकार इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में अंतिम सांस ली। रविवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पियरी गांव निवासी नंदकिशोर पुत्र स्व. दुब्बर राम 13 नवंबर की शाम बाइक से सैदपुर से अपने घर लौट रहे थे। उनके साथ बाइक पर उनकी बेटी प्रीति और भतीजा विनोद भी सवार थे। इसी दौरान दारुनपुर महुलिया के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में तीनों घायल हो गए। आरोप है कि टक्कर मारने के बाद दूसरी बाइक सवार मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल नंदकिशोर को उपचार के लिए वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी मीरा देवी ने बताया कि उन्होंने घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाल अमित मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई की जा रही है। नंदकिशोर अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ गए हैं। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

