गहमर : ससुराल से मायके जाने को निकली महिला का कर्मनाशा पुल के पास खाई में मिला शव, जताई जा रही हत्या की आशंका





गहमर। थानाक्षेत्र के देवल स्थित कर्मनाशा पुल के समीप बुधवार की सुबह सड़क किनारे खाई में एक 40 वर्षीय महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। काफी प्रयास के बाद शव की शिनाख्त रिजवाना खातून (40) पुत्री तसव्वुर अंसारी निवासिनी सोनपा के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि रिजवाना की शादी बिहार के कर्मनाशा नदी के समीप स्थित सोनपा गांव निवासी अयूब अंसारी से हुई थी। मंगलवार को वह अपने ससुराल सोनपा से अमौरा, दिलदारनगर स्थित मायके अमौरा जाने के लिए निकली थी। लेकिन बुधवार की सुबह उसका शव देवल-कर्मनाशा पुल के पास सड़क किनारे खाई में मिला। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतका अपने पीछे एक 10 वर्षीय बेटी आरफीन सहित परिवार छोड़ गई है। मां की मौत से बच्ची और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटनास्थल पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने महिला की हत्या कर शव खाई में फेंके जाने की आशंका जताई। हालांकि, अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं हुई है और मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। इधर घटना की गंभीरता को देखते हुए जमानियां सीओ अंकित तिवारी भी मौके पर पहुंचे और छानबीन कर मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। इस बाबत कोतवाल नंद कुमार तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जखनियां : गड्ढों में तब्दील हुआ जखनियां-गौराखास मार्ग, धूल के गुबार के बीच राहत भरी सांस लेना भी हुआ दूभर
बहरियाबाद : डाला छठ पर्व को लेकर पुलिस सतर्क, थानाध्यक्ष ने छठ पोखरे का किया निरीक्षण >>