जखनियां : गड्ढों में तब्दील हुआ जखनियां-गौराखास मार्ग, धूल के गुबार के बीच राहत भरी सांस लेना भी हुआ दूभर





जखनियां। जखनियां बाजार से गौरा खास गांव होते हुए एनएच-124डी तक जाने वाली सड़क बदहाली का शिकार हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से आवागमन मुश्किल हो गया है। हालत यह है कि सड़क की पहचान मिटती जा रही है और राहगीरों को गड्ढों के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। इस मार्ग से गौरा खास, लालापुर, शाहापुर सोमराय, शाहापुर बहोरराय समेत दर्जनों गांवों के लोगों का प्रतिदिन आवागमन होता है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण बाइक और चारपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। गड्ढों के चलते दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। स्थिति ऐसी हो गई है कि लोग अब इस मार्ग से आवागमन करने से कतराने लगे हैं। सबसे अधिक परेशानी गौरा खास गांव के ग्रामीणों को हो रही है। वाहनों के गुजरने पर सड़क से धूल के गुबार उठते हैं, जिससे आसपास के घरों में धूल भर जाती है। लगातार उड़ रही धूल के कारण स्थानीय लोगों के साथ ही सांस और अस्थमा के मरीजों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि एनएच-124डी के अधिकारियों ने सड़क निर्माण के बाद जखनिया बाजार को जोड़ने वाले इस मार्ग की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई। इससे लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुगम होने के साथ ही धूल की समस्या से भी निजात मिल सके।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< अनौनी : हाईवे पर पुलिया तो बनी, लेकिन नीचे अंडरपास का सड़क निर्माण रह गया अधूरा, ग्रामीणों ने आवागमन के लिए की बेहतर रास्ते की मांग
गहमर : ससुराल से मायके जाने को निकली महिला का कर्मनाशा पुल के पास खाई में मिला शव, जताई जा रही हत्या की आशंका >>