बिरनो : तीन दिन से ससुराल के दरवाजे पर बैठी माया यादव मायके लौटी, आपसी समझौते के बाद टूटा वैवाहिक रिश्ता





बिरनो। थानाक्षेत्र के बनकटवा गांव में पिछले तीन दिनों से चर्चा का विषय बना माया यादव का पारिवारिक विवाद आखिरकार गुरूवार को समाप्त हो गया। सामाजिक लोगों की पहल पर दोनों पक्षों के बीच आपसी सुलह-समझौता हुआ, जिसके बाद माया यादव और उनके पति गोविंद यादव का वैवाहिक संबंध समाप्त हो गया। बीती रात तबीयत बिगड़ने पर माया का उपचार कराया गया और समझौते के बाद उन्हें उनके मायके भेज दिया गया। गौरतलब है कि तीन दिन पूर्व माया यादव अपने ससुराल बनकटवा पहुंची थीं। उन्होंने आरोप लगाया था कि ससुराल पक्ष उन्हें घर में प्रवेश नहीं करने दे रहा है और उनके साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने अपने ससुर पर लाठी लेकर दौड़ाने का भी आरोप लगाया था। माया का कहना था कि उनके पति ने दूसरी शादी कर ली है, जिसके चलते उन्हें ससुराल में रहने नहीं दिया जा रहा है। इसके बाद वह ससुराल के दरवाजे पर बैठ गई थीं। मामला सामने आने के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुटने लगी और देखते ही देखते यह प्रकरण जिलेभर में चर्चा का विषय बन गया। तीन दिनों तक चले घटनाक्रम के दौरान माया की तबीयत भी बिगड़ गई। देर रात उनकी हालत खराब होने पर सामाजिक लोगों ने चिकित्सक बुलाकर उनका उपचार कराया। आखिरकार गुरूवार को सामाजिक लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से विवाद का समाधान हुआ। समझौते के तहत माया यादव की शादी में दिए गए सामान को उनके परिजनों ने गोविंद यादव के घर से निकलवाकर अपने साथ ले लिया। वहीं, ससुराल पक्ष की ओर से तय आर्थिक धनराशि भी उन्हें दी गई। इसके बाद माया यादव अपने मायके लौट गईं। इसी के साथ तीन दिनों से चल रहे इस पारिवारिक विवाद का पटाक्षेप हो गया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : औड़िहार स्टेशन पर 3.46 करोड़ से लगेगा कोच गाइडेंस सिस्टम, मार्च 2027 तक सभी प्लेटफार्मों पर मिलेगी सुविधा
भीमापार : बच्चों के हाथों से बने मिट्टी के दीयों से जगमगाया विद्यालय, पारंपरिक कला और स्वदेशी का दिया संदेश >>