भीमापार : बच्चों के हाथों से बने मिट्टी के दीयों से जगमगाया विद्यालय, पारंपरिक कला और स्वदेशी का दिया संदेश





भीमापार। क्षेत्र के जगदीशपुर स्थित कम्पोजिट विद्यालय में दीपावली का पर्व हर्षाेल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस बार विद्यालय में दीपावली का उत्सव कुछ खास अंदाज में देखने को मिला। बच्चों ने बाजार से दीये खरीदने के बजाय खुद अपने हाथों से मिट्टी के दीये तैयार किए और उन्हें आकर्षक ढंग से सजाकर रोशन किया। बच्चों के हुनर और रचनात्मकता से विद्यालय परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। दीये बनाने से लेकर उन्हें सजाने और जलाने तक बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। अपने हाथों से तैयार किए गए दीयों को रोशन देखकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को पारंपरिक हस्तकला, रचनात्मकता और भारतीय संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिला। इस दौरान शिक्षकों ने बच्चों को दीपावली के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि यह पर्व अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने, मिट्टी के दीयों को अपनाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही बच्चों को सुरक्षित एवं प्रदूषणमुक्त दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय में आयोजित इस रचनात्मक गतिविधि ने पढ़ाई के साथ बच्चों को पारंपरिक कला और व्यावहारिक हुनर से जोड़ने की प्रेरणा दी। अपने हाथों से बनाए दीयों की रोशनी में दीपावली मनाकर बच्चे खासे उत्साहित नजर आए।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< बिरनो : तीन दिन से ससुराल के दरवाजे पर बैठी माया यादव मायके लौटी, आपसी समझौते के बाद टूटा वैवाहिक रिश्ता
बहरियाबाद : राष्ट्रीय विद्यालयीय क्रिकेट प्रतियोगिता में यूपी टीम के मैनेजर बने गाजीपुर के संजीव, अंडर-19 बालक वर्ग की टीम के साथ निभाएंगे जिम्मेदारी >>