बहरियाबाद : राष्ट्रीय विद्यालयीय क्रिकेट प्रतियोगिता में यूपी टीम के मैनेजर बने गाजीपुर के संजीव, अंडर-19 बालक वर्ग की टीम के साथ निभाएंगे जिम्मेदारी

बहरियाबाद। गाजीपुर के शारीरिक शिक्षा शिक्षक माध्यमिक विद्यालयीय खेलों में लगातार अपनी प्रतिभा और कार्यकुशलता का परिचय दे रहे हैं। इसी क्रम में नेशनल इंटर कॉलेज कासिमाबाद में कार्यरत शारीरिक शिक्षा शिक्षक एवं जनपद के प्रतिष्ठित क्रिकेट खिलाड़ी संजीव यादव को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय क्रिकेट प्रतियोगिता के अंडर-19 बालक वर्ग में उन्हें उत्तर प्रदेश की टीम का मैनेजर नियुक्त किया गया है। इसकी जानकारी देते हुए क्रीड़ा सचिव आकाश सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय विद्यालयीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 17 नवंबर 2026 तक नरसिंहपुर, मध्य प्रदेश में होगा। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए उत्तर प्रदेश की टीम नौ नवंबर को अयोध्या से रवाना होगी। टीम मैनेजर के रूप में संजीव को खिलाड़ियों के प्रबंधन, मार्गदर्शन और अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संजीव लंबे समय से विद्यालयीय खेलों और क्रिकेट के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचानने, उन्हें उचित मार्गदर्शन देने और खेल के प्रति प्रोत्साहित करने में उनका योगदान सराहनीय रहा है। जनपद में आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। खेलों के प्रति समर्पण, अनुशासन और कार्यकुशलता के चलते उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। उनकी इस उपलब्धि पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि संजीव कुमार यादव राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे और उत्तर प्रदेश की टीम के बेहतर प्रदर्शन में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। इस उपलब्धि पर राजकीय सिटी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार यादव, प्रबंधक डॉ. विपिन बहादुर सिंह, प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार सिंह, रुद्रपाल यादव, अंजनी सिंह, मुरलीधर राय, तरुण, मनोज यादव, अखंड राय, सूर्यप्रकाश राय, लालबहादुर, इंद्रजीत, अखिलेश यादव, रीना पाण्डेय, उदय शर्मा, गौरव सिंह, इब्राहिम खान आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

