दुल्लहपुर : बैटरी-इन्वर्टर की दुकान में सेंध मारकर लाखों का सामान चोरी, धनतेरस पर बिक्री के लिए पीड़ित ने बाजार से उठाया था उधार





दुल्लहपुर। थानाक्षेत्र के बहलोलपुर चट्टी पर सादात-मरदह फोरलेन मार्ग स्थित बैट्री-इन्वर्टर की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। दुकान के कमरे में सेंध काटकर चोर करीब दो लाख रुपये मूल्य के बैट्री, इन्वर्टर समेत अन्य सामान समेट ले गए। मुख्य सड़क किनारे हुई चोरी की इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। दुकान संचालक रामविलास मौर्य ने बताया कि वह रोज की तरह शाम को दुकान बंद कर बहलोलपुर गांव स्थित अपने घर चले गए थे। शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने उन्हें दुकान में चोरी होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर दुकान के कमरे में सेंध कटी मिली और अंदर रखा काफी सामान गायब था। उन्होंने बताया कि धनतेरस पर बिक्री की उम्मीद में उन्होंने उधार लेकर काफी सामान मंगाया था, जिसे चोर उठा ले गए। इसी दुकान से उनके परिवार का भरण-पोषण होता था। चोरी के बाद उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। चोरी किए गए सामान का वजन काफी अधिक होने के कारण आशंका जताई जा रही है कि चोर किसी चारपहिया वाहन से सामान लादकर ले गए होंगे। घटना की सूचना मिलने पर दुल्लहपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। मुख्य सड़क पर स्थित दुकान में चोरी की घटना से व्यापारियों और ग्रामीणों में चिंता है। वहीं, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< बहरियाबाद : राष्ट्रीय विद्यालयीय क्रिकेट प्रतियोगिता में यूपी टीम के मैनेजर बने गाजीपुर के संजीव, अंडर-19 बालक वर्ग की टीम के साथ निभाएंगे जिम्मेदारी
सैदपुर : धनतेरस पर सैदपुर के बर्तन की दुकानों पर उमड़ा खरीदारों का सैलाब, महंगाई ने बदली खरीदारी की पसंद, दिन भर लगा रहा जाम >>