सैदपुर : धनतेरस पर सैदपुर के बर्तन की दुकानों पर उमड़ा खरीदारों का सैलाब, महंगाई ने बदली खरीदारी की पसंद, दिन भर लगा रहा जाम

सैदपुर। धनतेरस पर शुक्रवार को सैदपुर के बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से देर रात तक बाजारों में रौनक बनी रही। बर्तन, सराफा और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही लगी रही। हालांकि इस बार खरीदारी के अंदाज में बदलाव साफ नजर आया। महंगाई के चलते लोगों ने बड़ी और महंगी खरीदारी के बजाय अपने बजट और जरूरत को प्राथमिकता दी। हल्के वजन के आभूषण, आकर्षक डिजाइन वाले फैंसी बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक सामान ग्राहकों की पसंद बने रहे। बाजार में खरीदारों की संख्या अच्छी रही, लेकिन अधिकांश लोग सीमित बजट में ही खरीदारी करते दिखाई दिए। पुराने बाजार में खरीदारी के बदलते रुझान पर करीब एक दशक से बर्तन कारोबार कर रहे बड़े व्यवसायी विकास बरनवाल ने बताया कि महंगाई के कारण ग्राहकों का रुझान भारी बर्तनों की जगह हल्के वजन और आकर्षक डिजाइन वाले सामानों की ओर बढ़ा है। वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी सत्यम जायसवाल ने बताया कि ऑनलाइन बाजार से मिल रही प्रतिस्पर्धा के बीच ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानों पर विशेष छूट के साथ उपहार भी दिए जा रहे हैं। धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था भी चुनौती बनी रही। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बढ़ती आवाजाही तथा दुकानों के सामने बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के कारण मुख्य बाजार में आवागमन प्रभावित हुआ। बाजार में कई स्थानों पर दुकानों का सामान पटरियों तक फैला होने और अतिक्रमण के कारण सड़क पर आवागमन के लिए जगह कम पड़ गई।


