सैदपुर : डहरा कलां के जीबी इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मना दीपावली उत्सव, बच्चों ने रंगोली और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मोहा मन





सैदपुर। क्षेत्र के डहरा कलां स्थित जीबी इंटरनेशनल स्कूल में दीपावली के पावन पर्व पर उत्साह और उल्लास के साथ दीपावली उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए रंगोली, मिट्टी के दीये और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्सव को यादगार बना दिया। इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधक सौम्य प्रकाश बरनवाल एवं निदेशिका प्रियंका बरनवाल ने भगवान गणेश और मां लक्ष्मी के विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया। उत्सव के दौरान छात्राओं ने भारतीय सभ्यता, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला क्रिकेट, निर्वाचन जागरूकता, महिला सशक्तिकरण, मां दुर्गा और सोशल मीडिया जैसे सामाजिक एवं समसामयिक विषयों पर आकर्षक रंगोलियां बनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। रंगोली प्रतियोगिता में साक्षी, प्रिया, तलविया, आराध्या, श्रेजल, अर्पिता, ओजस्वी, मुस्कान, स्तुति, आयुषी, निहारिका, वेदांशी, तान्या एवं प्रियंका की कलाकृतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मिट्टी के दीयों को आकर्षक रंगों से सजाया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। प्रबंधक सौम्य प्रकाश बरनवाल ने कहा कि दीपावली केवल प्रकाश का पर्व नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का भी अवसर है। निदेशिका प्रियंका बरनवाल ने विद्यार्थियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सुख-समृद्धि की कामना की। प्रधानाचार्य शशिंद्र कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए पर्यावरण संरक्षण और व्यक्तिगत सुरक्षा का संदेश दिया। उन्होंने सभी से हरित एवं सुरक्षित दीपावली मनाने तथा पटाखों का न्यूनतम प्रयोग करने की अपील की। इस मौके पर उप प्रधानाचार्य किशन पाण्डेय, अनिमेष गुप्ता, आशुतोष पाण्डेय, अभिषेक पाण्डेय, सर्वानंद मिश्रा, बनारसी यादव, विजय प्रताप सिंह, नम्रता, हेमलता आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : धनतेरस पर सैदपुर के बर्तन की दुकानों पर उमड़ा खरीदारों का सैलाब, महंगाई ने बदली खरीदारी की पसंद, दिन भर लगा रहा जाम
गहमर : अवैध तमंचे और कारतूस के साथ दो अंतर्राज्यीय बदमाश गिरफ्तार, 2 कट्टे बरामद >>