सैदपुर : औड़िहार स्टेशन पर 3.46 करोड़ से लगेगा कोच गाइडेंस सिस्टम, मार्च 2027 तक सभी प्लेटफार्मों पर मिलेगी सुविधा

सैदपुर। औड़िहार रेलवे जंक्शन पर रेल यात्रियों की सुविधाओं में जल्द ही एक और महत्वपूर्ण इजाफा होने जा रहा है। अब यात्रियों को ट्रेन आने के बाद अपने निर्धारित कोच की तलाश में प्लेटफार्म पर भटकना नहीं पड़ेगा। इसके लिए रेलवे की ओर से स्टेशन पर कोच गाइडेंस सिस्टम लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। करीब 3 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से पूरी होने वाली इस परियोजना को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कोच गाइडेंस सिस्टम लगने के बाद यात्रियों को प्लेटफार्म पर ही ट्रेन के सभी कोचों की स्थिति की जानकारी मिल सकेगी। इससे ट्रेन के पहुंचते ही यात्री आसानी से अपने निर्धारित कोच तक पहुंच सकेंगे। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले लोगों को इससे काफी सहूलियत मिलेगी। वर्तमान में कई बार ट्रेन आने के बाद यात्रियों को अपने कोच की स्थिति जानने के लिए प्लेटफार्म पर इधर-उधर जाना पड़ता है। नई व्यवस्था लागू होने से इस परेशानी से काफी हद तक राहत मिलेगी। रेलवे प्रशासन की ओर से परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने की तैयारी की जा रही है। मार्च 2027 तक औड़िहार जंक्शन के सभी प्लेटफार्मों पर कोच गाइडेंस सिस्टम उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इससे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही यात्रियों का सफर भी अधिक सुविधाजनक होगा। इस बाबत जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि रेल यात्रियों की सुविधाओं में बढ़ोतरी के दृष्टिगत औड़िहार स्टेशन पर कोच गाइडेंस सिस्टम लगाने का कार्य प्रगतिशील है। मार्च 2027 तक सभी प्लेटफार्मों पर यह सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

