अनौनी : 31 वर्ष पूर्व मुंबई में अपने पिता व महिला की हत्या कर फरार साधु के वेश में छिपकर रह रहा था हत्यारोपी, अहलादपुर से हुआ गिरफ्तार





खानपुर। करीब 31 साल पुराने महिला हत्याकांड में वांछित आरोपी को मुंबई पुलिस ने खानपुर थानाक्षेत्र के अहलादपुर गांव से गिरफ्तार किया है। आरोपी पारस यादव उर्फ बाबा लंबे समय से अपनी पहचान छिपाकर साधु के वेश में गांव में रह रहा था। मुंबई पुलिस ने सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन के जरिए उसकी तलाश की और स्थानीय पुलिस की मदद से मंगलवार देर शाम घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पारस यादव वर्ष 1995 में मुंबई के कांदिवली इलाके में हुए एक महिला हत्याकांड में वांछित था। फरारी के दौरान उसने अपना हुलिया बदल लिया था और अहलादपुर गांव में साधु के वेश में रहने लगा था। स्थानीय लोग उसे पारस उर्फ बाबा के नाम से जानते थे। मुंबई पुलिस की टीम पिछले दो दिनों से खानपुर क्षेत्र में उसकी तलाश कर रही थी। मोबाइल लोकेशन मिलने के बाद पुलिस ने रणनीति बनाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। वर्ष 1995 में मुंबई के कांदिवली इलाके में महिला की हत्या के मामले में पारस वांछित था। बताया जाता है कि ऑटो चलाने के दौरान उसकी महिला से जान-पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उसका महिला के घर आना-जाना शुरू हो गया। बाद में विवाद के बाद महिला की हत्या कर दी गई। इस मामले में पारस की तलाश की जा रही थी। इसके अलावा पारस पर अपने पिता शंकर यादव की धारदार हथियार से वार कर हत्या करने का भी आरोप है। इस मामले में उसके छोटे भाई तेरस यादव ने दो मार्च 2010 को चंदवक थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना के दौरान पारस का नाम सामने आया था। इस मामले में उसे जेल भी जाना पड़ा था, लेकिन कुछ दिनों बाद जमानत पर बाहर आने के बाद वह फिर गायब हो गया। आरोप है कि फरारी के दौरान पारस ने अपना हुलिया और पहचान बदल ली थी। साधु के वेश में रहने के कारण आसपास के लोग उसे बाबा के नाम से जानते थे। लंबे समय तक गांव में रहने के बावजूद उसकी वास्तविक पहचान सामने नहीं आ सकी। उधर, मुंबई पुलिस पुराने हत्याकांड के मामले में उसकी तलाश जारी रखे हुए थी। आखिरकार सर्विलांस की मदद से पुलिस उसकी लोकेशन तक पहुंचने में सफल रही। गिरफ्तारी के बाद मुंबई पुलिस आरोपी को गाजीपुर न्यायालय में पेश कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अपने साथ मुंबई ले गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में इंस्पेक्टर माधवी कडुंब, हेकां वामन जॉय भॉय आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< अनौनी : अंतर्राष्ट्रीय हॉकी में चमका भुजहुआं का लाल, चैंपियन ट्रॉफी में जापान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर विष्णुकांत ने बढ़ाया जिले का मान
सैदपुर : औड़िहार स्टेशन पर 3.46 करोड़ से लगेगा कोच गाइडेंस सिस्टम, मार्च 2027 तक सभी प्लेटफार्मों पर मिलेगी सुविधा >>