अनौनी : अंतर्राष्ट्रीय हॉकी में चमका भुजहुआं का लाल, चैंपियन ट्रॉफी में जापान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर विष्णुकांत ने बढ़ाया जिले का मान





अनौनी। अंतर्राष्ट्रीय हॉकी में गाजीपुर के लाल विष्णुकांत सिंह ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। चैंपियन ट्रॉफी के मुकाबले में जापान के खिलाफ गोल दागकर उन्होंने जिले का मान बढ़ाया। उनकी इस उपलब्धि की खबर मिलते ही भुजहुआं गांव से लेकर अठगांवा तक खुशी की लहर दौड़ गई। लोधी सिंह द्वारिका सिंह हॉकी स्टेडियम, अठगांवा में प्रशिक्षण हासिल कर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे विष्णुकांत की सफलता से क्षेत्र के खेल प्रेमियों और ग्रामीणों में उत्साह है। विष्णुकांत की उपलब्धि पर पूर्व एमएलसी एवं स्टेडियम के संस्थापक डॉ. कैलाश सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विष्णुकांत की सफलता स्टेडियम में प्रशिक्षण ले रहे नए खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उनकी मेहनत और लगन ने साबित किया है कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाई जा सकती है। इस मौके पर आलोक सिंह और अमित सिंह ने भी खुशी जाहिर की। उधर, भुजहुआं गांव में विष्णुकांत की उपलब्धि को लेकर उत्सव जैसा माहौल है। ग्रामीण रामपुकार सिंह, शिशिर सिंह और धर्मेंद्र राजभर ने कहा कि विष्णुकांत ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर गोल दागकर गांव और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनके गांव लौटने पर ग्रामीणों की ओर से भव्य स्वागत और सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। ग्रामीणों का मानना है कि उनकी यह सफलता क्षेत्र के उभरते हॉकी खिलाड़ियों को भी बड़े मंच पर पहुंचने के लिए प्रेरित करेगी।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< बहरियाबाद : रायपुर के लालसा इंटरनेशनल स्कूल में दीपावली पर सजी रचनात्मकता की रंगोली, बच्चों की प्रतिभा देख अभिभावक भी चहके
अनौनी : 31 वर्ष पूर्व मुंबई में अपने पिता व महिला की हत्या कर फरार साधु के वेश में छिपकर रह रहा था हत्यारोपी, अहलादपुर से हुआ गिरफ्तार >>