बहरियाबाद : रायपुर के लालसा इंटरनेशनल स्कूल में दीपावली पर सजी रचनात्मकता की रंगोली, बच्चों की प्रतिभा देख अभिभावक भी चहके

बहरियाबाद। क्षेत्र के रायपुर स्थित लालसा इंटरनेशनल स्कूल में धनतेरस एवं दीपावली के अवसर पर विभिन्न रचनात्मक, कलात्मक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान विद्यालय परिसर दीपों, रंग-बिरंगी कलाकृतियों और आकर्षक रंगोलियों से सज उठा। कार्यक्रम के तहत कक्षा एक के विद्यार्थियों ने दीया मेकिंग, कक्षा दो के बच्चों ने पूजा थाली सजावट, कक्षा तीन और चार के विद्यार्थियों ने चित्रकला एवं पेंटिंग, कक्षा पांच और छह के विद्यार्थियों ने दीपावली ग्रीटिंग कार्ड निर्माण तथा कक्षा सात और आठ के विद्यार्थियों ने रंगोली प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। बच्चों ने अपनी रचनात्मक सोच और कलात्मक कौशल से सुंदर कलाकृतियां तैयार कीं। जिसे देख अभिभावक भी चहक उठे। लालसा ग्रुप ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन व स्कूल के प्रबंधक अजय यादव ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा छिपी होती है। जरूरत है उसे पहचानने, निखारने और सही अवसर प्रदान करने की। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद, कला और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास, अनुशासन, सकारात्मक सोच और मेहनत ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। प्रधानाचार्य सुनीता सिंह ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी का त्योहार नहीं, बल्कि खुशियों, संस्कारों और नई संभावनाओं का उत्सव है। विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को केवल सफल विद्यार्थी बनाना नहीं, बल्कि उन्हें रचनात्मक, संस्कारी और आत्मविश्वासी व्यक्तित्व के रूप में विकसित करना भी है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षकों ने बच्चों को आवश्यक मार्गदर्शन देकर उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित किया। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से अभिभावकों, विद्यार्थियों और क्षेत्रवासियों को धनतेरस एवं दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की गई।


