सिधौना : विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश





सिधौना। क्षेत्र के एक निजी विद्यालय में गुरुवार को आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों ने अपनी वैज्ञानिक सोच और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संचयन, सौर ऊर्जा, पवन चक्की की उपयोगिता और प्रदूषण मुक्त वातावरण का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लालबहादुर यादव का बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अभिनंदन किया। मुख्य अतिथि ने विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर बच्चों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने बेहद सराहनीय प्रदर्शन किया है। बच्चे ही देश का भविष्य हैं और उनकी ओर से तैयार की गई प्रत्येक कलाकृति प्रशंसनीय है। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय की ओर से किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। शिक्षक अश्वनी कुमार ने बताया कि प्रदर्शनी में हाइड्रोलिक लिफ्ट मॉडल बनाने वाले श्रेयस, अंकित यादव और आराध्या गौतम को प्रथम पुरस्कार दिया गया। रेन वाटर हार्वेस्टिंग मॉडल तैयार करने वाली आराधना सिंह, प्रियांशी यादव और पूजा कुमारी को द्वितीय पुरस्कार मिला। वहीं हाइड्रोलिक क्रेन और विंड मिल मॉडल बनाने वाली मौसम, आशिफा, वैष्णवी और शिवानी को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को जल संरक्षण, पौधरोपण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही सभी को प्रदूषण मुक्त, स्वच्छ और सुरक्षित दीपावली मनाने की सीख दी गई।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : धनतेरस पर सैदपुर में झाड़ू की दुकानों पर उमड़ी भीड़, 100 से अधिक अस्थायी दुकानें सजीं, दर्जी व चप्पल विक्रेता तक बेचते दिखे झाड़ू
अनौनी : सड़क विवाद में मारपीट और हत्या के प्रयास की धाराओं में दो आरोपी गिरफ्तार >>