सैदपुर : धनतेरस पर सैदपुर में झाड़ू की दुकानों पर उमड़ी भीड़, 100 से अधिक अस्थायी दुकानें सजीं, दर्जी व चप्पल विक्रेता तक बेचते दिखे झाड़ू





सैदपुर। धनतेरस पर्व पर नगर के बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। सोने-चांदी के आभूषणों और बर्तनों के साथ ही परंपरागत रूप से शुभ मानी जाने वाली झाड़ू की खरीदारी को लेकर भी लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। नगर की सड़कों और बाजारों में जगह-जगह झाड़ू की दुकानें सजी रहीं। अनुमान के मुताबिक, नगर में छोटी-बड़ी मिलाकर 100 से अधिक दुकानें लगाई गई थीं। दुकानदारों ने सड़क किनारे झाड़ू रखकर बिक्री की, जिससे बाजार के कई हिस्सों में झाड़ू की अस्थायी दुकानें नजर आईं। धनतेरस पर झाड़ू की मांग का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि नियमित रूप से कपड़े सिलने वाले दर्जी, किराना दुकानदार और चप्पल विक्रेता तक झाड़ू बेचने में जुटे रहे। साल में एक दिन होने वाली इस विशेष मांग को देखते हुए विभिन्न व्यवसायों से जुड़े दुकानदारों ने भी झाड़ू की बिक्री को अतिरिक्त कारोबार के रूप में अपनाया। बाजार में आने वाले लोग अपनी पसंद और जरूरत के अनुसार अलग-अलग तरह की झाड़ू खरीदते नजर आए। दुकानदार अमित साहू ने बताया कि इस बार 50 रुपये से लेकर 200 रुपये तक की झाड़ू की बिक्री हुई। इनमें सबसे अधिक मांग कूचा वाले झाड़ू की रही। उन्होंने बताया कि धनतेरस पर झाड़ू खरीदने की परंपरा के चलते हर साल इस दिन इसकी मांग बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए बड़ी संख्या में दुकानदार बिक्री के लिए झाड़ू मंगाते हैं। धनतेरस पर बाजार में झाड़ू की खरीदारी का नजारा भी पर्व की रौनक का खास हिस्सा बना रहा। सुबह से शाम तक लोग दुकानों पर पहुंचते रहे और अपनी सामर्थ्य के अनुसार झाड़ू खरीदकर घर ले जाते दिखे। इससे नगर के छोटे दुकानदारों और फुटपाथ पर कारोबार करने वालों को भी अतिरिक्त कमाई का अवसर मिला।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : धनतेरस पर सैदपुर के सर्राफा बाजार में उमड़ी खरीदारों की भीड़, ग्राहकों की संख्या बढ़ी लेकिन सीमित रहा बजट, आभूषणों की दुकानों पर दिनभर रही चहल-पहल
सिधौना : विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश >>