अनौनी : भुजाड़ी के पहलवानों का अखाड़े में रहा दबदबा, एक लाख की कुश्ती बराबरी पर छूटी

अनौनी/सिधौना। क्षेत्र के बहुरा स्थित मां जानकी धाम में शनिवार को सपा संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव की 88वीं जयंती पर विराट कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पूर्व जिपं सदस्य रामबचन यादव की ओर से स्व. सिखारी पहलवान के अखाड़े में आयोजित दंगल में पूर्वांचल के विभिन्न जिलों के अलावा दिल्ली और अयोध्या से पहुंचे 125 से अधिक पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला और दमखम का प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन में भुजाड़ी के पहलवानों का दबदबा देखने को मिला। दंगल में एक हजार से लेकर एक लाख रुपये तक की ईनामी कुश्तियां कराई गईं। दंगल का सबसे बड़ा और रोमांचक मुकाबला एक लाख रुपये के ईनाम का रहा। जिसमें गाजीपुर के रितेश पहलवान और दिल्ली के दीपेश पहलवान आमने-सामने हुए। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए खूब जोर आजमाइश की, लेकिन निर्धारित मुकाबले में कोई भी दूसरे पर भारी नहीं पड़ सका और कुश्ती बराबरी पर छूटी। वहीं, 50 हजार रुपये की ईनामी कुश्ती में करमपुर के भीम पहलवान और दिल्ली के स्तम्भ पहलवान के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अखाड़े में पहलवानों के दांव-पेच और रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक जुटे रहे। दर्शक तालियां बजाकर पहलवानों का उत्साहवर्धन करते रहे। बतौर मुख्य अतिथि अयोध्या के महंत स्वामी मदन मोहन बाल ब्रह्मचारी ने कहा कि भारतीय कुश्ती की परंपरा अत्यंत प्राचीन है। रामायण और महाभारत में भी मल्लयुद्ध का उल्लेख मिलता है। कुश्ती महज ताकत का प्रदर्शन नहीं, बल्कि संतुलन, धैर्य, पकड़ और सही समय पर दांव लगाने की कला है। पूर्व सांसद तूफानी सरोज ने कहा कि प्रतिद्वंद्वी की चाल को समझना, परिस्थिति के अनुसार जवाब देना और धैर्य बनाए रखना कुश्ती को अन्य खेलों से विशिष्ट बनाता है। मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर 88 बुजुर्ग पहलवानों को अंगवस्त्र भेंटकर और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विधायक द्वय अंकित भारती व वीरेंद्र यादव, ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह यादव, तूफानी सरोज, गोपाल यादव, रामतेज पांडेय, डॉ. विजय यादव, बीडीसी रामानुज, प्रधान कैलाश आदि रहे।

