जखनियां : भगवान परशुराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का वैदिक अनुष्ठान हुआ शुरू, गांव में निकली भव्य कलश यात्रा

जखनियां। क्षेत्र के बारोडीह गांव स्थित बागेश्वर नाथ शिवालय पोखरा परिसर में नवनिर्मित भगवान परशुराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर रविवार को तीन दिवसीय वैदिक अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालु महिलाओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली। कलश यात्रा पूरे गांव का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान भगवान परशुराम के जयकारों से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा। वैदिक विद्वान पंडित आमोद प्रकाश पांडेय के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन और धार्मिक अनुष्ठान कराया जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में विभिन्न वैदिक विधि-विधानों के साथ भगवान परशुराम की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई जाएगी। इस दौरान आचार्य ने भगवान परशुराम के धार्मिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भगवान परशुराम को भगवान विष्णु का छठा अवतार माना जाता है। उनके पिता महर्षि जमदग्नि और माता रेणुका थीं। उनका जन्म अक्षय तृतीया के दिन हुआ था। भगवान शिव के परम भक्त परशुराम शस्त्र और शास्त्र दोनों के ज्ञाता माने जाते हैं। भगवान शिव से प्राप्त परशु (फरसा) धारण करने के कारण ही उनका नाम परशुराम पड़ा। इस मौके पर मनीष पांडेय, ओमप्रकाश पांडेय, पूर्व सीओ मनोज पांडेय, कमलेश पांडेय, अंकित पांडेय आदि रहे।

