गोरखपुर : भारत-नेपाल के धार्मिक व सांस्कृतिक रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती, अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच गोरखपुर के रास्ते शुरू होगी साप्ताहिक एक्सप्रेस





गोरखपुर। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक तथा ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में रेलवे ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। रेल मंत्रालय ने नेपाल के जनकपुरधाम और अयोध्याधाम जंक्शन के बीच साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मंजूरी दे दी है। इस नई रेल सेवा की शुरुआत उद्घाटन विशेष ट्रेन के संचालन के साथ की जाएगी। यह ट्रेन गोरखपुर होकर दोनों धार्मिक स्थलों के बीच यात्रियों को आवागमन की सुविधा प्रदान करेगी। पूर्वाेत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि 15595/15596 जनकपुरधाम (नेपाल)-अयोध्याधाम जंक्शन-जनकपुरधाम साप्ताहिक एक्सप्रेस के शुभारंभ के अवसर पर 04295/04296 अयोध्याधाम-जनकपुरधाम उद्घाटन विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। उद्घाटन विशेष ट्रेन की पहली यात्रा 23 नवंबर, सोमवार को अयोध्या धाम से शुरू होगी। वापसी में 24 नवंबर, मंगलवार को यह जनकपुरधाम से अयोध्या के लिए रवाना होगी। ट्रेन संख्या 04295 अयोध्याधाम-जनकपुरधाम उद्घाटन विशेष गाड़ी 23 नवंबर को अयोध्याधाम जंक्शन से दोपहर 12ः30 बजे प्रस्थान करेगी। मनकापुर में दोपहर 2ः07 बजे और बस्ती में 3ः05 बजे पहुंचेगी। इसके बाद शाम 5ः40 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। गोरखपुर से आगे नरकटियागंज में रात 9ः30 बजे तथा रक्सौल में रात 11ः15 बजे ठहराव होगा। अगले दिन ट्रेन सीतामढ़ी में रात 1ः40 बजे, शिशो में 2ः55 बजे, मधुबनी में सुबह 4ः50 बजे पहुंचेगी। इसके बाद जयनगर स्टेशन पर सुबह 7ः30 बजे भारत के समय और 7ः45 बजे नेपाल के समय प्रस्थान करेगी। ट्रेन सुबह 10 बजे जनकपुरधाम पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04296 जनकपुरधाम-अयोध्याधाम उद्घाटन विशेष गाड़ी 24 नवंबर को नेपाल के समय के अनुसार दोपहर 1 बजे जनकपुरधाम से रवाना होगी। जयनगर में नेपाल के समयानुसार दोपहर 3ः25 बजे और भारतीय समयानुसार 3ः10 बजे पहुंचेगी। इसके बाद मधुबनी में 3ः50 बजे, शिशो में शाम 4ः50 बजे तथा सीतामढ़ी में रात 7ः05 बजे ठहराव होगा। रक्सौल में रात 8ः50 बजे और नरकटियागंज में रात 11ः20 बजे पहुंचेगी। अगले दिन सुबह 4ः05 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से बस्ती में सुबह 5 बजे और मनकापुर में 5ः55 बजे ठहराव होगा। इसके बाद सुबह 8ः10 बजे अयोध्याधाम जंक्शन पहुंचकर यात्रा पूरी करेगी। रेलवे की ओर से इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें शयनयान श्रेणी के सात, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के तीन, वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी के तीन तथा वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के दो कोच शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त जेनेरेटर सह लगेज यान का एक और एलएसएलआरडी का एक कोच लगाया जाएगा। इस रेल सेवा के शुरू होने से अयोध्या और जनकपुरधाम के बीच धार्मिक यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को सीधी रेल सुविधा मिलेगी। साथ ही दोनों देशों के बीच पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी संपर्क को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जखनियां : मुख्यमंत्री योगी की मां के निधन पर हुई शोकसभा, ग्रामीणों ने दी श्रद्धांजलि तो समाजसेवी की मां ने शोक में रखा 24 घंटों का उपवास
जखनियां : भगवान परशुराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का वैदिक अनुष्ठान हुआ शुरू, गांव में निकली भव्य कलश यात्रा >>