रेवतीपुर : फसल कटाई के दौरान धान की फसल के बंटवारे को लेकर सगे भाइयों में हुई जमकर मारपीट, धमकी देने का भी आरोप, मुकदमा दर्ज





रेवतीपुर। खेत में तैयार धान की फसल की कटाई और हिस्सेदारी को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद मारपीट तक पहुंच गया। नौली गांव में सगे भाइयों के बीच हुई इस घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। नौली गांव निवासी नंदजी सिंह पुत्र स्व. विक्रमा सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपने खेत में धान की फसल कटवा रहे थे। इसी दौरान फसल के बंटवारे को लेकर उनके भाई शिवजग सिंह, रामजग सिंह और मुकुल सिंह से कहासुनी होने लगी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर तीनों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर मारपीट की। पीड़ित ने बताया कि अचानक हुए हमले से वह घबरा गए और शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों को आते देख आरोपित उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। घटना के बाद नंदजी सिंह ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस बाबत थाना प्रभारी धर्मदास सिद्धार्थ ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< शादियाबाद : तिलकोत्सव में जा रही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर बेसो नदी के पास खाई में पलटी, चालक गंभीर, महिलाएं व बच्चे आंशिक रूप से घायल
दुल्लहपुर : पुश्तैनी संपत्ति के हिस्से के विवाद में कलयुगी बेटों ने पत्नियों के साथ मिलकर पिता को पीटा, मां ने दो बेटे व बहुओं के खिलाफ दी तहरीर >>