शादियाबाद : तिलकोत्सव में जा रही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर बेसो नदी के पास खाई में पलटी, चालक गंभीर, महिलाएं व बच्चे आंशिक रूप से घायल





शादियाबाद। थानाक्षेत्र के गुरैनी स्थित बेसो नदी पुल के समीप शनिवार की देर रात करीब 11 बजे स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में वाहन चालक को गंभीर चोटें आईं, जबकि गाड़ी में सवार महिलाएं और बच्चे बाल-बाल बच गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने सभी को बाहर निकाला। सैदपुर क्षेत्र के कुछ लोग भड़सड़ से तिलक समारोह में शामिल होने के लिए स्कॉर्पियो से शादियाबाद की ओर जा रहे थे। वाहन में महिलाओं और बच्चों समेत कई लोग सवार थे। इसी दौरान गुरैनी स्थित बेसो नदी के पास मोड़ पर पहुंचते ही वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे के बाद वहां चीख पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि वाहन के खाई में पलटने से चालक को गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य सवार लोगों को बड़ी चोट नहीं लगी। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत पहुंचाने का प्रयास किया। दुर्घटना के कारणों को लेकर वाहन की तेज गति होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, चालक के नशे में होने की बात भी स्थानीय स्तर पर कही जा रही है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वाहन चालक और उसमें सवार अन्य लोगों के नाम-पते की जानकारी नहीं मिल सकी।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< नंदगंज : दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप, पति समेत छह पर मुकदमा दर्ज, घर में संदिग्ध हाल में मिला था शव
रेवतीपुर : फसल कटाई के दौरान धान की फसल के बंटवारे को लेकर सगे भाइयों में हुई जमकर मारपीट, धमकी देने का भी आरोप, मुकदमा दर्ज >>