अनौनी : राष्ट्रपति के हाथों ओलंपियन राजकुमार पाल को मिला अर्जुन अवार्ड, ओलंपिक मेडल के बाद अब अवार्ड पाकर रोशन किया सैदपुर का नाम

रानू पांडेय
अनौनी। सैदपुर की माटी के लाल और करमपुर गांव निवासी भारतीय हॉकी टीम के ओलंपियन राजकुमार पाल को प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय हॉकी टीम को कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले राजकुमार पाल की इस उपलब्धि से पूरे जनपद में खुशी का माहौल है। राजकुमार पाल ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम के महत्वपूर्ण सदस्य रहे राजकुमार एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे हैं। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2024 में उन्हें प्रतिष्ठित लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित किया था। प्रदेश सरकार की ओर से उन्हें पुलिस उपाधीक्षक पद का नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया गया है। अब अर्जुन पुरस्कार मिलने से उनकी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। तीन भाइयों में सबसे छोटे राजकुमार पाल के पिता स्व. कल्पनाथ पाल का निधन उनके बचपन में ही हो गया था। इसके बाद मां मनराजी देवी ने अकेले ही तीनों बेटों की परवरिश की। उन्होंने संघर्ष करते हुए राजकुमार को हॉकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। करमपुर स्थित मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम में प्रशिक्षण लेकर राजकुमार ने अपनी प्रतिभा को निखारा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया। अर्जुन पुरस्कार मिलने की खबर से उनके परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर है। उनकी भाभी नीलम पाल, ध्रुव सिंह, दीपक सिंह, मनोज सिंह, विपुल चौबे, पूजा सिंह, कोच इंद्रदेव राजभर, विवेक पांडेय, सूरज शर्मा, विकास चौबे, चंदन राजभर सहित अन्य लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने कहा कि राजकुमार पाल को अर्जुन पुरस्कार मिलना पूरे गाजीपुर के लिए गौरव और सम्मान का क्षण है। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि करमपुर की हॉकी प्रतिभाओं ने देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। इस उपलब्धि के बीच खेल प्रेमियों ने स्व. ठाकुर तेज बहादुर सिंह तेजू को भी याद किया। उन्होंने कहा कि करमपुर में हॉकी की मजबूत नींव रखने और ग्रामीण प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में उनका योगदान अतुलनीय रहा है। खेल संरक्षक के रूप में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें मरणोपरांत गुरु द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की मांग भी उठाई गई। बता दें कि करमपुर स्थित मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम के खिलाड़ियों ने लगातार बड़ी उपलब्धियां हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। भारतीय हॉकी खिलाड़ी उत्तम सिंह को उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 में लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित किया है। वहीं ओलंपियन राजकुमार पाल को वर्ष 2024 में प्रदेश सरकार से लक्ष्मण पुरस्कार मिला था। अब 13 नवंबर 2026 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया है। इस तरह करमपुर स्टेडियम के खिलाड़ियों ने दो लक्ष्मण पुरस्कार और एक अर्जुन पुरस्कार हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया है।

