अनौनी : ट्रेन की चपेट में आने से मजदूर की मौत, छठ पर्व पर दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

अनौनी। क्षेत्र के रामपुर सिधौना रेलवे हॉल्ट के पास शुक्रवार की भोर ट्रेन की चपेट में आने से हथौड़ा गांव निवासी 30 वर्षीय मजदूर श्याम सुंदर पुत्र बिकानू राम की मौत हो गई। रेलवे ट्रैक के पास उनका शव मिलने की सूचना पर क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामपुर सिधौना रेलवे हॉल्ट पर शुक्रवार की भोर करीब चार बजे यह घटना हुई। ग्रामीणों के मुताबिक, श्याम सुंदर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। गुरुवार की रात वो गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल हुए थे। शुक्रवार की भोर में करीब चार बजे वह धान का बोझ लेने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान रामपुर सिधौना रेलवे हॉल्ट के पास ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं हो सकी है। मृतक श्याम सुंदर अपने पिता के इकलौते पुत्र और परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनकी शादी करीब नौ वर्ष पहले पुष्पा देवी से हुई थी। उनके परिवार में पांच वर्षीय बेटी परी और तीन वर्षीय बेटा आर्यन हैं। पिता की असमय मौत से दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता सुनीता, पिता बिकानू, दादी तिलेसरा और पत्नी पुष्पा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का इकलौता सहारा छिनने से हथौड़ा गांव में शोक का माहौल है।

