सैदपुर : मतदाता जागरूकता अभियान में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, निबंध और क्विज प्रतियोगिता के जरिए एसडीएम ने दी जानकारी





सैदपुर। लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध होना और प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान प्रक्रिया से जुड़ना जरूरी है। इसी उद्देश्य से गुरुवार को क्षेत्र के होलीपुर गांव स्थित मूलचंद महाविद्यालय में उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान निबंध और क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से लेकर मतदान के अधिकार और उसके महत्व तक की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के तहत आयोजित निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने शुद्ध मतदाता सूची की आवश्यकता और लोकतंत्र में मतदान की भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता से जुड़े 50 वस्तुनिष्ठ प्रश्नों को हल कर अपनी जानकारी और समझ का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना चाहिए, ताकि वह लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सके। अभियान के तहत 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी छात्राओं का नया मतदाता पंजीकरण कराने के लिए फार्म-6 भी भरवाया गया। उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने बताया कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आगामी 17 नवंबर तक क्षेत्र के विभिन्न महाविद्यालयों में अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत निबंध और क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विद्यार्थियों को मतदान के महत्व से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि महाविद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में से दो विजेताओं का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थी आगे जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में अपने महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने युवाओं से मतदाता बनने के लिए आगे आने और अपने आसपास के लोगों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने की अपील की। इस मौके पर तहसीलदार हिमांशु सिंह, नायब तहसीलदार विश्राम यादव आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< औड़िहार : छठ पर्व को लेकर औड़िहार बाजार में बढ़ी रौनक, सूप-दौरा और पूजन सामग्री की खरीदारी तेज
सादात : शिक्षा के गांधी कहे जाने वाले पूर्व शिक्षामंत्री की 9वीं पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि, मेधावियों को किया गया सम्मानित >>