औड़िहार : छठ पर्व को लेकर औड़िहार बाजार में बढ़ी रौनक, सूप-दौरा और पूजन सामग्री की खरीदारी तेज

औड़िहार। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। पर्व नजदीक आते ही छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की खरीदारी तेज हो गई है। औड़िहार बाजार में शुक्रवार सुबह से ही खरीदारों की भीड़ देखने को मिली। महिलाएं और पुरुष अपनी जरूरत के सामानों की खरीदारी में जुटे रहे। छठ पूजा के लिए सूप, दौरा, बर्तन और अन्य पारंपरिक पूजन सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है। इसके साथ ही हार्डवेयर, कपड़ा और सर्राफा की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ रही। पर्व की तैयारियों को लेकर लोग घरों की जरूरतों के साथ पूजा में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं की खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में बढ़ी चहल-पहल से दुकानदारों के चेहरे पर भी खुशी देखने को मिली। व्यापारियों को उम्मीद है कि छठ पर्व के दौरान खरीदारी का सिलसिला और तेज होगा तथा कारोबार में अच्छा इजाफा होगा। देर शाम तक बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बनी रही और पूरा बाजार पर्व की रौनक से गुलजार नजर आया।

