वाराणसी : छठ पर बनारस स्टेशन पर यात्रियों के लिए व्यापक इंतजाम, 250 लोगों की क्षमता वाला अस्थायी होल्डिंग एरिया तैयार





वाराणसी। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा पर यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने बनारस स्टेशन पर यात्री सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन में स्टेशन परिसर में लगभग 250 यात्रियों की क्षमता वाला अस्थायी यात्री आश्रय स्थल (होल्डिंग एरिया) तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य यात्रियों को ट्रेनों की प्रतीक्षा के दौरान सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराना तथा प्लेटफार्मों पर अनावश्यक भीड़ को रोकना है। रेलवे प्रशासन के अनुसार, स्टेशन परिसर में तैयार किए गए इस अस्थायी यात्री आश्रय स्थल का आकार 45 फीट गुणा 45 फीट है, जो लगभग 2025 वर्गफीट क्षेत्र में बना है। इसमें एक साथ करीब 250 यात्रियों के बैठने और ट्रेनों की प्रतीक्षा करने की व्यवस्था की गई है। यात्री आश्रय स्थल में बिजली की रोशनी, पंखे और शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही प्राथमिक चिकित्सा और मोबाइल यूटीएस टिकटिंग की व्यवस्था भी की गई है। इससे यात्रियों को टिकट लेने के लिए अनावश्यक रूप से लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी देने के लिए जन उद्घोषणा प्रणाली के स्पीकर और वीडियो पैनल भी लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से यात्रियों को समय-समय पर ज री सूचनाएं दी जा रही हैं। स्टेशन पर यात्रियों का आवागमन सुचारु बनाए रखने के लिए सर्कुलेटिंग एरिया को वाहनमुक्त रखने की व्यवस्था की गई है। प्रवेश और निकास मार्गों का प्रबंधन करने के साथ ही प्लेटफार्मों पर सीमांकन और बैरिकेडिंग की गई है। यात्रियों की सहायता और मार्गदर्शन के लिए स्टेशन पर श्मे आई हेल्प यूश् सहायता बूथ 24 घंटे संचालित किए जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इसके लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। रेलवे सुरक्षा बल और राज्य पुलिस के जवानों की तैनाती के साथ महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष महिला टीम भी लगाई गई है। फुट ओवरब्रिज और प्लेटफार्मों पर भीड़ नियंत्रित रखने तथा यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से आवागमन कराने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। वाराणसी स्थित मंडल मुख्यालय के कंट्रोल रूम से भी बनारस स्टेशन की गतिविधियों, यात्रियों के आवागमन और उपलब्ध सुविधाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा स्टेशन परिसर में छठ महापर्व के पारंपरिक गीतों का प्रसारण भी किया जा रहा है, जिससे पर्व का उल्लासपूर्ण वातावरण बना हुआ है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि छठ महापर्व के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : डीएम के हस्तक्षेप के बाद पीजी कॉलेज में बायोमेट्रिक वसूली के मामले में मुकदमा दर्ज, छात्रों ने प्रशासन की कार्रवाई को बताया बड़ी सफलता
औड़िहार : छठ पर्व को लेकर औड़िहार बाजार में बढ़ी रौनक, सूप-दौरा और पूजन सामग्री की खरीदारी तेज >>