दुल्लहपुर : तेज रफ्तार अज्ञात कार की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल, रेफर

दुल्लहपुर। क्षेत्र के देवा गांव स्थित नहर के पास एनएच-124डी पर बुधवार की रात करीब दस बजे अज्ञात कार की टक्कर से बाइक सवार 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान ऋतिक मद्धेशिया पुत्र राजेश मद्धेशिया के रूप में हुई। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। ऋतिक बुधवार को घर से जलालाबाद स्थित एक परिचित के यहां गया था। रात करीब दस बजे वह अपनी दुकान की ओर लौट रहा था। इसी दौरान एनएच-124डी से निकलकर अमारी गेट की तरफ जाने वाली सड़क पर पहुंचते ही जलालाबाद की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऋतिक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घायल को आरएस हॉस्पिटल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे मऊ रेफर कर दिया। रात करीब 11ः30 बजे हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है। ऋतिक के पिता राजेश मद्धेशिया अमारी गेट स्थित ऋद्धि-सिद्धि स्वीट्स नाम से मिठाई की दुकान चलाते हैं। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि अभी तक मामले में कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

