अनौनी : महापर्व छठ से पहले सूना हुआ मां का आंचल, करंट ने लील लिया नौ साल का बेटा, परिजनों का बुरा हाल

अनौनी। महापर्व छठ पूजा की खुशियों के बीच एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गुरुवार की सुबह सबमर्सिबल के बिजली तार की चपेट में आने से नौ वर्षीय मासूम शिवांश यादव की मौत हो गई। परिजन आनन-फानन में उसे वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। छठ पर्व की तैयारियों के बीच घर की खुशियां मातम में बदल गईं। शिवांश जमीन संदल गांव निवासी रमेश यादव के नाती थे। वह अपने नाना के घर फतेहपुर बेलईचा में रहकर उमा पब्लिक स्कूल में कक्षा चार की पढ़ाई कर रहे थे। उनके पिता मोनू यादव और मां नीतू यादव हैं। शिवांश दो भाई-बहनों में बड़े थे। उनकी एक छोटी बहन भी है। मूल रूप से उनका परिवार वाराणसी जिले के रजवाड़ी स्थित टेकरी गांव का निवासी है। विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. सुनीता वर्मा ने बताया कि शिवांश बेहद होनहार और प्रतिभाशाली छात्र थे। उनकी असामयिक मौत की खबर सुनकर पूरा विद्यालय परिवार स्तब्ध है। शिक्षकों और विद्यार्थियों में शोक की लहर है। इकलौते बेटे को खोने के गम में मां नीतू यादव और पिता मोनू यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। छठ पर्व से पहले हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।

