कासिमाबाद : दबंगों की पिटाई से गंभीर रूप से घायल अधेड़ ने बीएचयू में उपचार के दौरान तोड़ा दम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल





कासिमाबाद। थानाक्षेत्र के अवराकोल गांव निवासी रतनलाल यादव (45) का गुरुवार को शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनकी मौत की खबर से गांव में भी शोक का माहौल रहा। परिजनों के अनुसार, मंगलवार को मारपीट में घायल होने के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मंगलवार को रतनलाल यादव घायल अवस्था में मिले थे। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार, रतनलाल का गांव के ही कुछ लोगों से विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि शराब के नशे में गाली-गलौज को लेकर मंगलवार को चार-पांच दबंगों ने उनके साथ मारपीट की थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हालांकि, मारपीट के कारणों और घटना में शामिल लोगों को लेकर पुलिस में अभी कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। रतनलाल यादव पहले बाहर रहकर निजी नौकरी करते थे, लेकिन पिछले कुछ महीनों से गांव में ही रह रहे थे। उनकी पत्नी की काफी पहले मृत्यु हो चुकी है। परिवार में तीन बेटियां हैं। पिता की मौत से तीनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, कोतवाल राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< अनौनी : महापर्व छठ से पहले सूना हुआ मां का आंचल, करंट ने लील लिया नौ साल का बेटा, परिजनों का बुरा हाल
सैदपुर : मकान निर्माण के दौरान पहली मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत, 4 माह की अबोध के सिर से उठा पिता का साया, परिजनों ने मुआवजे की मांग कर रोका शव >>