सैदपुर : मकान निर्माण के दौरान पहली मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत, 4 माह की अबोध के सिर से उठा पिता का साया, परिजनों ने मुआवजे की मांग कर रोका शव





सैदपुर। नगर क्षेत्र में मकान निर्माण के दौरान पहली मंजिल से नीचे गिरने से 28 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में साथी मजदूर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन परिजनों ने मकान मालिक और ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए शव ले जाने से रोक दिया और वहीं पर बैठ गए। आखिरकार काफी समझाने के बाद परिजनों ने तहरीर दी और देरशाम करीब 7 बजे शव को पुलिस ने कब्जे में लिया। सैदपुर के महरूमपुर स्थित बड़ेपुर निवासी 28 वर्षीय मनोज कुमार पुत्र प्रभुनाथ करीब दो माह पहले तक रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। लेकिन आमदनी ठीक न होने पर 2 माह से वो मजदूरी करने लगा था। अस्पताल में मौजूद मृतक के मामा रामचंद्र ने बताया कि सफल चिल्ड्रेन स्कूल के सामने दरोगा सेठ के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। ठेकेदार की निगरानी में मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान मनोज सीमेंट की बोरी लेकर पहली मंजिल पर चढ़ा। बारजे पर पहुंचकर जैसे ही उसने सीमेंट की बोरी जमीन पर रखी, तभी अज्ञात परिस्थितियों में नीचे गिर गया। साथी मजदूरों के अनुसार, घटना के समय मनोज के आसपास कोई मौजूद नहीं था। ऐसे में उसे गिरते हुए किसी ने नहीं देखा। इसके बाद जब साथियों को इसकी जानकारी हुई तो मौके पर हड़कंप मच गया। निर्माण कार्य में लगे साथी मजदूर नगीना राम ने पुलिस को बताया कि वहां संभवतः भरत नाम के ठेकेदार के निर्देशन में काम हो रहा था। इसके अलावा एक अन्य मजदूर भी निर्माण कार्य में लगा था। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस सीएचसी पहुंची। कोतवाल अमित मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की, लेकिन परिजन मकान मालिक और ठेकेदार को पहले सीएचसी बुलाने की मांग पर अड़ गए। दोपहर करीब दो बजे हुई घटना के बाद शाम साढ़े छह बजे तक शव सीएचसी में ही पड़ा रहा। पुलिस परिजनों को समझाने-बुझाने में जुटी रही। इस संबंध में कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिली है, उसके आधार पर कार्यवाही की जाएगी। मृतक के परिवार में पत्नी प्रियंका के अलावा दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी वैष्णवी महज दो वर्ष की है, जबकि छोटी बेटी अभी चार माह की दुधमुंही बच्ची है। मनोज तीन भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर पर था। उसकी मौत से पत्नी और दोनों मासूम बेटियों के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< कासिमाबाद : दबंगों की पिटाई से गंभीर रूप से घायल अधेड़ ने बीएचयू में उपचार के दौरान तोड़ा दम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
सैदपुर : माहपुर स्टेशन परिसर से शीशम प्रजाति का पेड़ काटकर ले गए थे चोर, 19 बोटा लकड़ी के साथ एक गिरफ्तार, 2 फरार >>