कासिमाबाद : खेत सींचने गए युवक की दूसरे के ट्यूबवेल में मिली लाश, परिजनों में हाहाकार

कासिमाबाद। थानाक्षेत्र के सनेहुआं में शनिवार को ट्यूबवेल में डूबकर युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महरुपुर के फगव्वर मौजा निवासी 25 वर्षीय जगमोहन पाल पुत्र स्व. काशीनाथ पाल शनिवार की सुबह सिंचाई करने खेत पर गया था। लेकिन जब काफी समय बीत जाने के बावजूद वो घर नहीं लौटा तो उसकी पत्नी कौशल्या देवी खेत पर गई तो देखा कि वो सनेहुआं निवासी किशन राम के ट्यूबवेल के हौज में डूबा हुआ है। जिसके बाद वो चीखने चिल्लाने लगी। उसकी चीख सुनकर वहां पहुंचे लोगों ने तत्काल जगमोहन को बाहर निकाला और उसे लेकर अस्पताल गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक जगमोहन अपने खेत को सींचने के लिए यहीं से पाइप जोड़कर ले गया था। ऐसे में वो यहां पंप को चालू या बंद करने आया होगा लेकिन उसी में वो डूब गया। जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं पत्नी सहित परिजनों में कोहराम मच गया था। मृतक 4 भाईयों में तीसरे नंबर पर था। पिता के निधन के बाद उसे व भाईयों के कंधे पर ही सारा काम था।

