देवकली : मौनी बाबा धाम में आस्था का प्रतीक कार्तिक पूर्णिमा मेला, पूर्णिमा को होगा मुख्य स्नान पर्व





देवकली। गंगा नदी के तटवर्ती क्षेत्र चोचकपुर में लगने वाला मौनी बाबा धाम का कार्तिक पूर्णिमा मेला आस्था और परंपरा का प्रमुख केंद्र है। यह मेला केवल गाजीपुर जनपद ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वांचल में प्रसिद्ध है। करीब एक सप्ताह तक चलने वाले इस मेले में गाजीपुर सहित आसपास के कई जनपदों से दुकानदार अपनी दुकानें लेकर पहुंचते हैं। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। मेले का मुख्य स्नान पर्व कार्तिक पूर्णिमा के दिन होता है, जब गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। मान्यता है कि मौनी बाबा धाम में सच्चे मन और श्रद्धा से मांगी गई मुराद अवश्य पूरी होती है। कहा जाता है कि मौनी बाबा ने कार्तिक पूर्णिमा के दिन जागृत अवस्था में समाधि ली थी। इसी मान्यता के चलते इस दिन धाम पर श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ जुटती है। धाम से जुड़ी एक रोचक कथा भी क्षेत्र में प्रचलित है। मान्यता के अनुसार, मौनी बाबा जंगीपुर क्षेत्र के कनुवान गांव के गोसाई परिवार में जन्मे थे। वह प्रतिदिन पैदल चोचकपुर घाट पर गंगा स्नान करने आते थे। इसी दौरान चंदौली जिले के मेढ़वा गांव की रहने वाली एक ग्वालिन भी दूध बेचने के लिए प्रतिदिन गंगा पार करके आती थी। कहा जाता है कि एक दिन देर हो जाने के कारण ग्वालिन को गंगा पार जाने के लिए कोई साधन नहीं मिला। परेशान होकर वह मौनी बाबा के चरणों में गिर पड़ी। इस पर बाबा ने उसे अपने पीछे-पीछे चलने को कहा। इसके बाद बाबा गंगा के पानी में उतरकर आगे बढ़ने लगे और ग्वालिन भी उनके पीछे चलती हुई सुरक्षित गंगा पार पहुंच गई। गंगा पार करने के बाद बाबा ने उसे इस घटना का जिक्र किसी से न करने की हिदायत दी और कहा कि ऐसा करने पर वह पत्थर बन जाएगी। लोककथा के अनुसार, देर से घर पहुंचने पर ग्वालिन के परिजनों ने उससे पूछताछ की और संदेह के चलते उसके साथ मारपीट की। अगले दिन वह अपने परिवार के लोगों को लेकर मौनी बाबा के पास पहुंची और पूरी घटना बता दी। बाबा के चमत्कार का जिक्र करते ही वह पत्थर बन गई। मंदिर परिसर के समीप उसकी समाधि बनी हुई है, जिसे आज भी श्रद्धालु अहिरिनियां माई के नाम से जानते हैं। धाम के महंत सत्यानंद यति महाराज ने बताया कि मौनी बाबा धाम का मेला एकादशी से शुरू होकर करीब एक सप्ताह तक चलता है। हालांकि मेले का मुख्य स्नान पर्व कार्तिक पूर्णिमा को होता है। इस दिन गंगा स्नान और बाबा के दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गोरखपुर : अयोध्या से जनकपुर के बीच दौड़ेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस, राम-जानकी के रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती, मुख्यमंत्री योगी ने की सराहना
दिलदारनगर : लापता हुए किशोर की तलाश में जुटे परिजन व पुलिस, नहीं लगा सुराग >>