सैदपुर : जोनल कराटे चैंपियनशिप में डहरा कलां के जीबी इंटरनेशनल स्कूल का दिखा दबदबा, 13 गोल्ड सहित 16 मेडल जीतकर पूर्वांचल में रोशन किया नाम

सैदपुर। मऊ में आयोजित 8वीं जोनल एसएसकेएफ कराटे चैंपियनशिप में सैदपुर के डहरा कलां स्थित जीबी इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 16 पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में स्कूल के सभी 16 खिलाड़ियों ने पदक जीतकर शत-प्रतिशत सफलता हासिल की और विद्यालय के साथ ही पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया। मऊ के सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल में आयोजित इस प्रतियोगिता में गोरखपुर, मऊ, वाराणसी, चंदौली और गाजीपुर समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। जिसमें जीबी इंटरनेशनल स्कूल के मिथिलेश सोनकर, हर्ष सोनकर, पृथ्वी चौहान, यश यादव, आयुष यादव, नितिन कन्नौजिया, शौर्य शेखर, हंस यादव, हिमांशु कुमार, लकी यादव, विद्यार्थी यादव, प्रिंस पाल व आदित्य कन्नौजिया ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं अनूप यादव और अवनीश यादव ने रजत पदक, जबकि मोहसिन अहमद ने कांस्य पदक जीतकर पूरे पूर्वांचल में स्कूल का नाम रोशन किया। आयोजन समिति की ओर से सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय के प्रबंधक सौम्य प्रकाश बरनवाल ने खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि बच्चों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ ही कोच के अथक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि विद्यालय के खिलाड़ियों ने 13 स्वर्ण पदक जीतकर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। विद्यालय की निदेशिका प्रियंका बरनवाल ने सभी विजेता बच्चों को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि बच्चों में भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने की पूरी क्षमता है। प्रधानाचार्य शशिंद्र शर्मा ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, साहस और समर्पण का ही परिणाम है कि वे बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं। इस मौके पर उपप्रधानाचार्य किशन पांडेय, कोच अरविंद कुमार, खेल शिक्षक केशव यादव आदि रहे।




