जखनियां : दो साल से मानदेय के लिए भटक रहे पंचायत सहायक, आर्थिक तंगी से जूझने लगे कर्मचारी

जखनियां। स्थानीय ब्लॉक की 90 ग्राम पंचायतों में तैनात पंचायत सहायक एवं डेटा एंट्री ऑपरेटर मानदेय भुगतान में देरी से परेशान हैं। कई पंचायत सहायकों का आरोप है कि उन्हें पिछले दो वर्षों से मानदेय नहीं मिला है, जबकि उनसे लगातार पंचायत सचिवालयों में काम लिया जा रहा है। शासन की ओर से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने और पंचायत सचिवालयों के संचालन के उद्देश्य से इनकी नियुक्ति की गई थी। पंचायत सहायकों का कहना है कि ग्राम पंचायतों में काम कराने के लिए सचिव से लेकर एडीओ पंचायत और खंड विकास अधिकारी तक दबाव बनाते हैं। काम में लापरवाही होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी जाती है, लेकिन मानदेय भुगतान की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी की जा रही है। उनका कहना है कि काम नियमित रूप से लिया जा रहा है, लेकिन पारिश्रमिक के लिए महीनों और वर्षों तक इंतजार करना पड़ रहा है। पंचायत सहायकों और केयरटेकरों ने जिलाधिकारी से बकाया मानदेय का तत्काल भुगतान कराने की मांग की है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी केके सिंह ने बताया कि जिन गांवों में कर्मचारी कार्य कर रहे हैं, वहां भुगतान किया जा रहा है। जहां काम नहीं किया जा रहा है, वहां भुगतान लंबित है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और कार्य करने वाले कर्मचारियों का ही भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

