सिधौना: सुख, सूर्य और सौभाग्य का प्रतीक है आलता पत्र, छठ पूजा में सूप और दउरा की सजावट में होता है विशेष उपयोग

सिधौना। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ में पूजा की प्रत्येक सामग्री का अपना विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। इन्हीं में आलता पत्र भी शामिल है, जिसका छठ पूजा में विशेष स्थान माना जाता है। लाल रंग का यह पारंपरिक उत्पाद सूप और दउरा की सजावट में इस्तेमाल किया जाता है। इसे सुख, सूर्य, सौभाग्य और शुभता का प्रतीक माना जाता है। आलता पत्र देखने में चपटा और पापड़ जैसा होता है। इसे पारंपरिक तरीके से रुई और अन्य सामग्रियों की मदद से तैयार किया जाता है। छठ पूजा के लिए नए सूप और दउरा को सजाने में इसका विशेष उपयोग होता है। इसके अलावा घरों के दरवाजों और दीवारों पर भी इसे लगाया जाता है। मान्यता है कि इससे घर में शुभता और सकारात्मकता का संचार होता है। छठ के लिए विशेष रूप से तैयार किए जाने वाले आलता पत्र पर्व की पारंपरिक सुंदरता और पवित्रता को भी बढ़ाते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आलता पत्ती को सुहाग, पवित्रता और पारंपरिक अनुष्ठानों का प्रतीक माना जाता है। इसका लाल रंग शक्ति, ऊर्जा और भगवान सूर्य के तेज का प्रतीक है। इसके माध्यम से श्रद्धालु सूर्यदेव की शक्ति और शुभता का अपने घर तथा पूजा स्थल पर आह्वान करते हैं। वहीं छठ पूजा के दौरान महिलाएं अपने पैरों में पारंपरिक आलता भी लगाती हैं। इसे अखंड सौभाग्य, दांपत्य सुख और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना से जोड़कर देखा जाता है। इस तरह आलता पत्र केवल पूजा की सजावटी सामग्री नहीं, बल्कि छठ की लोक संस्कृति और पारंपरिक आस्था का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है।

