अनौनी : 26 साल से उद्घाटन की ही बाट जोह रहा करोड़ों की लागत से बनकर तैयार खड़ा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का भवन, बिना इस्तेमाल हो चुका है खंडहर





अनौनी। बेटियों को गांव में ही बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से करोड़ों रुपये की लागत से बनाया गया राजकीय बालिका इंटर कॉलेज आज बदहाली की तस्वीर बनकर रह गया है। विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के चलते भवन तैयार होने के 26 वर्ष बाद भी यहां विद्यालय का संचालन शुरू नहीं हो सका है। हैरानी की बात ये है कि भवन का निर्माण पूरा होने के बावजूद आज तक इसका उद्घाटन तक नहीं हो सका। जिस भवन में छात्राओं की पढ़ाई और उनका भविष्य संवारने की योजना थी, वह अब उपेक्षा के कारण खंडहर और कूड़ाघर में तब्दील होता जा रहा है। बता दें कि वर्ष 1997 में क्षेत्रीय लोगों की मांग पर तत्कालीन उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने विद्यालय की आधारशिला रखी थी। उस समय क्षेत्र के अभिभावकों को उम्मीद जगी थी कि अब उनकी बेटियों को पढ़ाई के लिए दूरदराज के विद्यालयों में नहीं जाना पड़ेगा। करीब 1.60 करोड़ रुपये की लागत से तीन वर्षों में भवन का निर्माण पूरा हुआ और वर्ष 2000 में यह बनकर तैयार हो गया। लेकिन इसके बाद से अब तक न तो विद्यालय का उद्घाटन हो सका और न ही इस भवन में पढ़ाई शुरू हो सकी। विद्यालय भवन में 15 शिक्षकों के लिए कक्ष, तीन प्रयोगशालाएं, पांच कार्यालय, दो स्वागत कक्ष, तीन शौचालय, मजबूत चहारदीवारी और खेलकूद के लिए पर्याप्त मैदान बनाया गया था। भवन निर्माण के समय इसे क्षेत्र की बेटियों के लिए शिक्षा की बड़ी सौगात माना गया था। लेकिन संचालन न होने के कारण पूरा परिसर धीरे-धीरे बदहाली का शिकार होता चला गया। वर्तमान स्थिति यह है कि पूरे परिसर में जंगली घास और खरपतवार का कब्जा है। कमरों में गंदगी और कूड़े का अंबार लगा हुआ है। भवन में लगे पंखे, दरवाजे और खिड़कियां तक गायब हो चुके हैं। खिड़कियों के टूटे शीशे और जर्जर दरवाजे इसकी दुर्दशा बयां कर रहे हैं। परिसर में बेसहारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, शाम ढलने के बाद यहां नशेड़ियों और जुआरियों का जमावड़ा भी लगता है। क्षेत्र निवासी रामभद्र पाठक, गुलाम गौस, अमेरिका बिंद, दुर्गा चौरसिया, भीम बिंद, भोला पांडेय आदि लोगों ने कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस भवन की ओर आकृष्ट कराया है। स्थानीय लोगों ने इस भवन में महिला महाविद्यालय का संचालन शुरू कराने की मांग भी उठाई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बेटियों की शिक्षा के नाम पर इतनी बड़ी धनराशि खर्च कर भवन तैयार कराया गया, लेकिन उसका उपयोग नहीं होना सरकारी धन की बर्बादी है। उनका सवाल है कि आखिर शिक्षा के उद्देश्य से बने इस भवन की सुध जिम्मेदार अधिकारी कब लेंगे और 26 साल से उद्घाटन की बाट जोह रहे इस भवन में पढ़ाई कब शुरू होगी।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< अनौनी : न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय हॉकी टीम में सैदपुर के उत्तम सिंह और अजीत यादव का हुआ चयन, लंबे अरसे बाद उत्तम की भारतीय टीम में हुई वापसी
अनौनी : अथक परिश्रम का सकारात्मक परिणाम, पहले ही प्रयास में असिस्टेंट लोको पायलट बने खानपुर के प्रवीण पाल, क्षेत्र का बढ़ाया मान >>