सैदपुर : सिंहपुर में बाइक से अचानक नील गाय आने से चाचा-भतीजे दुर्घटनाग्रस्त, चाचा की दर्दनाक मौत, भतीजे की हालत गंभीर, रेफर

सैदपुर। थानाक्षेत्र के सिंहपुर में रविवार की दोपहर ढाई बजे बाइक के सामने अचानक नील गाय आ जाने से भीषण टक्कर हो गयी। जिसमें बाइक चला रहे चाचा की दर्दनाक मौत हो गयी, वहीं भतीजा गम्भीर रूप से घायल हो गया। दोनों को फौरन सैदपुर सीएचसी लाया गया, जहां चाचा को मृत घोषित कर भतीजे को गम्भीर हाल में रेफर कर दिया गया। बंतरियाँ धरम्मरपुर निवासी 25 वर्षीय अमन कुमार उर्फ कम्पनी पुत्र सुदर्शन अपने रिश्ते में भतीजा लगने वाले 13 वर्षीय आयुष कुमार उर्फ गोल्डी पुत्र अरविंद के साथ बाइक से सामान लेने सैदपुर आये थे और वापस जा रहे थे। अभी वो सिंहपुर में टावर के सामने पहुंचे थे कि अचानक सामने नील गाय आ गयी। उससे बचने के प्रयास के बावजूद वो नील गाय से टकरा गए, जिसमें अमन का सिर किसी चीज से टकराकर बुरी तरह से फट गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। वहीं पीछे बैठे आयुष बेहद गंभीर रूप से घायल हो गया। हैरानी की बात ये रही कि घटना में बाइक को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। इधर घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने घायल आयुष को सीएचसी भेजा। वहीं कुछ देर बाद एंबुलेंस बुलाकर मृतक को सीएचसी भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आयुष को बेहद गंभीर अवस्था में वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। 2 भाईयों में छोटे अमन की अभी शादी नहीं हुई थी। वो घर पर ही रहकर पढ़ाई करता था। वहीं उसका बड़ा भाई संदीप लखनऊ में काम करता है। घटना के बाद मृतक के पिता व मां सुनीता रोते बिलखते हुए सीएचसी पहुंचे। सभी का रो-रोकर बुरा हाल था।

