दोस्त दोस्त ना रहा....प्यार प्यार ना रहा, दोस्त की पत्नी पर ही डाला डोरा तो भुगता ऐसा अंजाम

नंदगंज। कहते हैं फिल्में समाज का आईना होती हैं। समाज में जो होता है उसे ही पर्दे पर दिखाया जाता है। समाज के ऐसे ही कुछ घटनाओं पर काफी पहले एक गाना ‘‘दोस्त दोस्त ना रहा....प्यार प्यार ना रहा’’ गाना आया था। इस गाने के बोल को अक्षरशः नदंगंज के कुसुम्हींकलॉ मठियां में एक युवक ने अपने अजीज दोस्त को दगा देकर साबित किया है। इसी दगाबाजी के चलते बुधवार की देर रात गांव के ही काली मंदिर के पास जिगरी दोस्त से दुश्मन बन गए युवक ने साथियों संग मिलकर दो युवकों को मार पीटकर अधमरा कर दिया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया जहाँ उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
मठियां निवासी पिंटू राज और अजीत यादव के बीच काफी पहले से दोस्ती थी। दोस्ती के बहाने अजीत के घर आते जाते पिंटू ने उसकी पत्नी साधना से आंखें चार कर लीं। इसके बाद पिंटू ने बातचीत के लिए साधना को मोबाईल फोन भी दिया। लेकिन कहते हैं न कि इश्क और मुश्क छिपाए नहीं छिपते, ऐसे में एक दिन अजीत को शक हो ही गया तो उसने अपनी पत्नी से फोन कराकर पिंटू राज को काली मंदिर पर बुलाया। जब पिंटू अपने मित्र के साथ वहां पहुंचा तो पहले से ही घात लगाए अजीत व उसे साथियों ने उन्हें मंदिर के खंभे में बांधकर मारना शुरू किया और तब तक पीटते रहे जब तक कि वे बेहोश नहीं हो गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें गाजीपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद पिंटू के परिजन कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पर पहुंचे। पिंटू राज की मां सीता देवी ने अजीत यादव समेत सात लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। थानाध्यक्ष कण्व कुमार मिश्र ने बताया कि मामले में दबिश देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

