स्वास्थ्य मंत्री हुजूर! खामियों से भरा है सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, स्वास्थ्य सुविधाएं हैं नदारद

सैदपुर। जनपद के ई-गवर्नेंस व दूर संचार सलाहकार समिति के सदस्य अनूप जायसवाल गुरुवार को नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर निरीक्षण करने पहुंचे तो कमियां ही कमियां मिली। उन्होंने मौके से ही सीएमओ से फोन से पूरी बात बताते हुए समस्याएं गिनाईं और निराकरण की मांग की। कहा कि शासन के सख्त आदेश के बावजूद चिकित्सक समय से नहीं आते हैं और सफाई भी समुचित नहीं है। इस पर सीएमओ ने कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
गुरूवार की सुबह करीब नौ बजे अनूप पहुंचे तो अधीक्षक डा. एसके सिंह नहीं आए थे। ओपीडी में कुछ चिकित्सक नहीं मौजूद थे। अन्य चिकित्सक अपने-अपने चेंबर में मरीजों को देख रहे थे। इसके बाद वे प्रसव कराने आईं महिलाओं के साथ आए लोगों से बात की। अधिकांश लोगों ने बताया कि यहां प्रसव के बाद तत्काल जच्चा-बच्चा को घर या किसी निजी चिकित्सालय में भेज दिया जाता है। शासन के मंशा के अनुरूप उन्हें यहां रखकर नाश्ता, दूध, ब्रेड आदि नहीं दिया जाता है। इसके बाद अधीक्षक कक्ष में पहुंचे तो कुर्सी खाली थी। इसके बाद उन्होंने परिसर का जायजा लिया तो नालियां बजबजा रही थी। बड़े-बड़े घास उग आए थे। आसपास के लोगों ने बताया कि यहां रात में बिजली न रहने पर सिर्फ एक ही लाइट जलती है। शेष परिसर में अंधेरा छाया रहता है। सारी कमियों को देखने के बाद अनूप ने सीएमओ को फोनकर सारी समस्याएं गिनाई। सीएमओ ने उन्हें भरोसा दिया कि वे जांचकर लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे साथ ही समस्याओं को दूर करेंगे।



