अरे! इस क्लीनिक पर भोर में बरसता है पत्थर??

सैदपुर। नगर के त्रिमुहानी के पास स्थित एक क्लिनिक पर गुरूवार की भोर में स्कूटी सवार तीन अज्ञात बदमाश पत्थरबाजी कर फरार हो गए। संयोग अच्छा रहा कि कोई घायल नहीं हुआ। वहीं क्लीनिक संचालक ने बताया कि इसके पूर्व में भी पथराव किया जा चुका है। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर बदमाशों की धरपकड़ में जुट गई है।
नगर के नई सड़क त्रिमुहानी के पास एक निजी क्लिनिक संचालित किया जाता है। घटना के बाबत बताते हुए संचालक झारखंडे विश्वकर्मा ने बताया कि सभी सोए हुए थे इस बीच भोर में करीब 3 बजे किसी ने क्लीनिक पर पथराव करना शुरू किया। जब तक वो मौके पर पहुंचते वो फरार हो चुके थे। इसके बाद रात में ही उन्होंने डायल 100 पर पुलिस को सूचना दी जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच किया लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन थाने से पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और क्लीनिक का सीसीटीवी फुटेज निकलवाया जिसमें एक स्कूटी पर सवार हाफ पैंट पहने 3 बदमाश पथराव करते दिख रहे थे। इसके बाद पुलिस फुटेज लेकर थाने आ गई। घटना के बाबत पीड़ित ने थाने पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। पीड़ित ने बताया कि इसके पूर्व में भी किसी ने पथराव किया था और उस वक्त भी उसका पता नहीं चल सका था। कहा कि आज भी पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज करने में आनाकानी कर रही है। शायद उसे हम लोगों के साथ किसी बड़ी घटना घटित होने का इंतजार है। वहीं इस मामले में कोतवाल शरदचंद्र त्रिपाठी ने बताया कि जांच कराई जा रही है।

